पटना: मसौढ़ी (दरियापुर) स्थित पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए दो दिवसीय क्रिकेट मुकाबले में पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ने टीसीए (TCA) को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराकर शानदार जीत दर्ज की। पंकज यादव को दोहरे शतक के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मुकाबले में पंकज ने बल्ले के साथ गेंद से बेहतरीन खेल दिखाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। पंकज यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 207 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अमन राज ने 154 रन बनाकर टीम की पारी को मजबूती दी। अनुज कुमार ने भी 30 रन का योगदान दिया। इन शानदार पारियों की बदौलत पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की टीम 514 रन पर ऑलआउट हुई। टीसीए की ओर से गेंदबाजी में विराज ने 3 विकेट झटके, जबकि प्रिंस शर्मा और राहुल को 2-2 सफलता मिली।
जवाब में टीसीए की टीम बल्लेबाजी में दबाव में नजर आई और पूरी टीम 207 रन पर 7 विकेट के नुकसान पर सिमट गई। टीसीए की ओर से प्रिंस शर्मा ने 74 रन और विराज ने 30 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सके। पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की गेंदबाजी में सुमित रॉय ने 2 विकेट लिए, जबकि पंकज यादव, अंकित, अमन राज और अभिषेक को 1-1 विकेट मिला।






