पटना, 19 नवंबर। खेल विभाग,बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, जमुई की मेजबानी में खेले जा रहे राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट में पटना की टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में पटना ने दरभंगा को 50 रन से हराया। फाइनल में पटना की भिड़ंत मुंगेर प्रमंडल से होगी।
जमुई स्थित जेएस क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में पटना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट पर 129 रन बनाए। जवाब में दरभंगा की पूरी टीम 12.1 ओवर में 79 रनों पर सिमट गई।

पटना प्रमंडल की ओर से अनुग्रह राणा ने 25 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से सर्वाधिक 32 रन बनाए। अनिरुद्ध राज ने 17 गेंदों पर 24 रन और कप्तान सन्नी बिहार ने 13 गेंदों पर 16 रनों का योगदान दिया। ओम प्रकाश ने 10 गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाए, जबकि आयुष कुमार ने महज चार गेंदों पर नाबाद 10 रन ठोककर टीम का स्कोर 129 तक पहुंचाया।
130 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा प्रमंडल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि साहिल गौतम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाए। यश राज ने 10 और प्रकृत्या राज ने आठ गेंदों पर 12 रन बनाए। इसके बावजूद दरभंगा की टीम 79 रन ही बना सकी।
पटना प्रमंडल की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। ओम प्रकाश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 19 रन देकर चार विकेट चटकाए। इरफान आलम ने 3.1 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। कप्तान सन्नी बिहारी ने 2.1 ओवर में महज नौ रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पटना प्रमंडल के ओम प्रकाश को प्लेयर ऑफ मैच का पुरस्कार दिया गया।




