पटना, 12 नवंबर। बिहार क्रिकेट के पुराने सितारों को एक बार फिर मैदान पर अपना जलवा दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। वाईसीसी स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में आगामी 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक बिंदा देवी मेमोरियल बिहार वेटरन क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। पटना के संपतचक स्थित 22 यार्ड्स ग्राउंड में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में चार टीमें हिस्सा लेंगी। यह जानकारी टूर्नामेंट कमेटी के संयोजक संजय कुमार (मंटू) ने दी।
संजय कुमार (मंटू) ने बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन स्वर्गीय बिंदा देवी की स्मृति में किया जा रहा है। स्व. बिंदा देवी वाईसीसी क्रिकेट एकेडमी के हेड कोच संतोष कुमार की माता थीं। वह हमेशा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती थीं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती थीं। उनकी स्मृति को जीवंत रखने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में चार टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के नाम बिहार क्रिकेट के दिग्गजों को समर्पित किए गए हैं। इनमें एलपी वर्मा इलेवन, अधिकारी एमएम प्रसाद इलेवन, राजू वाल्श इलेवन और अरुण सिंह इलेवन शामिल हैं।
हर टीम में होंगे 13 खिलाड़ी, पुराने दिग्गज संभालेंगे कोच की जिम्मेदारी
संजय कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी चार टीमों में 13-13 खिलाड़ी होंगे। इस तरह टूर्नामेंट में कुल 52 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को खास बनाने के लिए टीमों के कोच भी बिहार क्रिकेट के पुराने दिग्गज खिलाड़ियों को बनाया जाएगा। सभी चारों टीमों की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
कई पूर्व क्रिकेटर दिखाएंगे मैदान पर दमखम
इस टूर्नामेंट में बिहार क्रिकेट के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अपने बल्ले और गेंद से जलवा बिखेरते नजर आएंगे। इनमें राम कुमार, तरुण कुमार, भोला, निखिलेश रंजन, राजेश सिन्हा, संजय सिन्हा (पिंटू), सौरभ चक्रवर्ती,पवन कुमार और राकेश सिन्हा सहित कई अनुभवी क्रिकेटर शामिल हैं।
वेटरन क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य बिहार क्रिकेट के पुराने खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना, उनके बीच आपसी मेलजोल को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को राज्य के क्रिकेट इतिहास से परिचित कराना भी है।
मां की स्मृति में आयोजन को लेकर संतोष कुमार ने कहा कि उनकी मां स्व. बिंदा देवी हमेशा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। समाज के लोगों के प्रति उनका विशेष लगाव था। उनकी स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होना परिवार के लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। इस आयोजन के माध्यम से उनकी यादों को संजोने और खेल के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि देने का प्रयास किया जा रहा है।
30 नवंबर से शुरू होने वाली यह चार दिवसीय प्रतियोगिता बिहार के पुराने क्रिकेट सितारों को एक बार फिर मैदान पर एक साथ लाने का अवसर प्रदान करेगी।




