August 3, 2026
No Comments
पटना: 18वें रणधीर वर्मा इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन श्रीकृष्णा क्रिकेट मैदान, खेमनीचक में खेले गए पहले मुकाबले में सीएबी रेड ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मैक्सट्रा स्पोर्ट्स सेंटर को 34 रन से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं दूसरा मैच उर्जा टर्फ सीसी ने सात विकेट से जीतकर अपने नाम किया।
आईपीएस रणधीर वर्मा फाउंडेशन की ओर से सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट में मैक्सट्रा स्पोर्ट्स सेंटर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएबी रेड की टीम 20.4 ओवर में 115 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अनंत राज सिंह ने 16, आयुष राठौर ने 13 और वमनजीत सिंह ने 11 रन का योगदान दिया, जबकि अतिरिक्त के रूप में टीम को 46 रन मिले। मैक्सट्रा की ओर से आशिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। अर्जुन ने 2, विराज सिंह ने 2 और आदित्य आनंद ने 1 विकेट लिया।
116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैक्सट्रा स्पोर्ट्स सेंटर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम कभी भी लक्ष्य की ओर मजबूती से नहीं बढ़ सकी और निर्धारित 21 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 81 रन ही बना सकी। मयंक ने 13, आर्यन शंकर ने 12 और आदित्य आनंद ने 11 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

सीएबी रेड की ओर से गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। मयंक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट चटकाए, जबकि कमल नयन राय ने भी 2 विकेट हासिल किए। माही और वमनजीत सिंह को एक-एक सफलता मिली। अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
संक्षिप्त स्कोर
सीएबी रेड: 20.4 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट, आयुष राठौर 13, अनंत राज सिंह 16, वमनजीत सिंह 11, अतिरिक्त 46. गेंदबाजी: आशिक 4/22, अर्जुन 2/13, विराज सिंह 2/2, आदित्य आनंद 1/14.
मैक्सट्रा स्पोर्ट्स सेंटर: 21 ओवर में 81/7, मयंक 13, आर्यन शंकर 12, आदित्य आनंद 11, अतिरिक्त 36. गेंदबाजी: मयंक 2/7, कमल नयन राय 2/7, माही 1/8, वमनजीत सिंह 1/7।
मो. सैफ की तूफानी पारी
दिन के खेले गए दूसरे मुकाबले में देव क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उर्जा टर्फ सीसी को 7 विकेट से हराकर दमदार जीत दर्ज की। लक्ष्य का पीछा करते हुए मो. सैफ ने शानदार नाबाद 44 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उर्जा टर्फ सीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम निर्धारित 21 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 91 रन ही बना सकी। आरव कुमार ने 19, ऋषभ रंजन ने 16 और यश राज ने 11 रन बनाए, जबकि आयु 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। टीम को अतिरिक्त के रूप में 32 रन मिले। देव क्रिकेट एकेडमी की ओर से विवेक कुमार, शौर्य, परख गिरी और वेदांत राज ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट हासिल किया।
92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देव क्रिकेट एकेडमी ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। मो. सैफ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 44 रन की पारी खेली, जबकि दर्श कुमार ने 16 रन का योगदान दिया। टीम ने महज 14.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 95 रन बनाते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। उर्जा टर्फ की ओर से ऋषभ रंजन को एकमात्र सफलता मिली।
संक्षिप्त स्कोर
उर्जा टर्फ सीसी: 21 ओवर में 91/5, आरव कुमार 19, ऋषभ रंजन 16, यश राज 11, आयु नाबाद 10, अतिरिक्त 32. गेंदबाजी: विवेक कुमार 1/6, शौर्य 1/1, परख गिरी 1/12, वेदांत राज 1/7.
देव क्रिकेट एकेडमी: 14.1 ओवर में 95/3,मो. सैफ 44, दर्श कुमार 16, अतिरिक्त 29.गेंदबाजी: ऋषभ रंजन 1/18.