पटना: श्रेष्ठ सुमन की घातक गेंदबाजी के दम पर क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे क्वार्टरफाइनल में करुणा क्रिकेट एकेडमी को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। श्रेष्ठ ने पांच ओवर में 34 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं, दिन के तीसरे क्वार्टरफाइनल में ट्रैम्फैंट सीसी ने रॉयल रुल्स को 14 रन से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।
श्रेष्ठ के चार विकेट से करुणा 129 पर सिमटी
सीएबी ग्राउंड पर बुधवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए करुणा क्रिकेट एकेडमी की टीम 20.2 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। सीएबी के श्रेष्ठ सुमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। राहुल कुमार और शिवम सम्राट ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएबी की टीम ने शिवम सम्राट की 57 रन की शानदार पारी और आर्यन सिन्हा के 22 रन की मदद से 19.4 ओवर में सात विकेट पर 130 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। अतिरिक्त के रूप में 26 रन मिले। करुणा की ओर से पांडेय कुमार ने दो, जबकि आयुष और आदित्य राज ने एक-एक विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए श्रेष्ठ सुमन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ट्रैम्फैंट सीसी ने 14 रन से दर्ज की जीत
दिन के पहले मुकाबले में रॉयल रुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ट्रैम्फैंट सीसी ने 21 ओवर में छह विकेट पर 139 रन बनाए। स्पर्श ने 35, आकर्ष राज ने 25 और अंश ने नाबाद 27 रन की पारी खेली। टीम को अतिरिक्त के रूप में 27 रन मिले। रॉयल रुल्स के मौर्य ने तीन और कुणाल ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल रुल्स की टीम 20.1 ओवर में 125 रन पर सिमट गई। मौर्य ने 28, इशु राज ने 24 और आरजू नवाब खान ने 20 रन बनाए। ट्रैम्फैंट के प्रिंस राज ने तीन विकेट झटके, जबकि करन, आदर्श और शिव यादव को दो-दो सफलताएं मिलीं। प्रिंस राज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




