पटना। द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो टीमों ने दमदार प्रदर्शन कर क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की की। सीएबी ग्राउंड पर खेले गए प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में करुणा किंग्स ने राज स्क्वायर इंडोर क्रिकेट एकेडमी को 67 रन से हराया, जबकि बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी ने टर्फ एरिना ए को 29 रन से पराजित कर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में करुणा किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 21 ओवर में नौ विकेट पर 133 रन बनाए। दिव्यांश ने नाबाद 24, सत्यम कुमार ने 15 और राजा वर्मा ने 14 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 64 रन मिले। राज स्क्वायर के कप्तान आयुष सिंह ने 11 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि अयांश कृष्णा को दो विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राज स्क्वायर की टीम 16.2 ओवर में 66 रन पर सिमट गई। अमन सिंह ने 12 और कप्तान आयुष सिंह ने 13 रन बनाए। करुणा के कप्तान प्रतीक शर्मा, अभिषेक, कुमार आयुष प्रजापति और दिव्यांश ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। प्रतीक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रोहन और शरद की पारियों से बसावन पार्क की जीत
दूसरे मुकाबले में बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 154 रन बनाए। रोहन सिंह ने 38 और शरद सिंह ने 33 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। अभिनव प्रकाश और कप्तान अरुणव राय ने 15-15, विराज सिंह ने 12 और हार्दिक ने नाबाद 10 रन बनाए। टीम को अतिरिक्त के रूप में 30 रन मिले। टर्फ एरिना की ओर से क्षितिज और सुजल कुमार ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में टर्फ एरिना की टीम निर्धारित 21 ओवर में 125 रन पर ऑलआउट हो गई। सम्राट सिंह ने 39, कप्तान आयुष ने 27 और दिव्यांशी सिंह ने 12 रन बनाए। टीम को अतिरिक्त के रूप में 36 रन मिले। बसावन पार्क के हार्दिक कत्यान ने चार ओवर में 14 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि रोहन सिंह ने दो और ओमकार पाठक ने एक विकेट लिया। हार्दिक कत्यान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




