पटना: द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को फिनिक्स टीम बी और करुणा किंग्स ने शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। सीएबी ग्राउंड पर खेले गए क्वार्टरफाइनल में फिनिक्स बी ने वाईसीसी क्रिकेट एकेडमी को 62 रन से हराया। वहीं, करुणा किंग्स ने बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी को 39 रन से शिकस्त दी। फिनिक्स के अमय सहाय ने बल्ले से नाबाद 69 रन बनाने के बाद गेंद से छह विकेट लेकर मुकाबले में जानदार हरफनमौला प्रदर्शन किया।
अमय ने 69 रन बनाकर झटके छह विकेट
दिन के पहले क्वार्टरफाइनल में टॉस जीतकर वाईसीसी क्रिकेट एकेडमी ने गेंदबाजी चुनी। फिनिक्स टीम बी ने निर्धारित 21 ओवर में पांच विकेट पर 185 रन बनाए। अमय सहाय ने नाबाद 69, अमरजीत आर्या ने 24, कप्तान विनायक ने 18 और आयुष यादव ने नाबाद 16 रन बनाए। अतिरिक्त के 47 रन भी टीम के खाते में जुड़े। वाईसीसी के रुद्र नारायण ने पांच ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईसीसी की टीम 16.1 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। अनुराग यादव ने 31 और अंशुमान कुमार ने 30 रन बनाए। फिनिक्स की ओर से अमय सहाय ने 3.1 ओवर में आठ रन देकर छह विकेट चटकाए, जबकि श्रीमंतो को चार विकेट मिले। शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अमय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
राजा वर्मा की अर्धशतकीय पारी, अभिषेक ने झटके तीन विकेट
सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के दूसरे क्वार्टरफाइनल में करुणा किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 21 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाए। राजा वर्मा ने 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान प्रतीक शर्मा ने 14 रन बनाए। टीम के खाते में अतिरिक्त के 45 रन भी जुड़े।
जवाब में बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी की टीम नौ विकेट पर 122 रन ही बना सकी। कार्तिक चौधरी ने नाबाद 33, दिव्यांशु ने 22 और शरद सिंह ने 18 रन बनाए। करुणा किंग्स की ओर से अभिषेक और प्रतीक शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कुमार आयुष प्रजापति को दो सफलताएं मिलीं। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




