नालंदा, 6 दिसंबर 2025: नालंदा जिले में जूनियर खिलाड़ियों के लिए आयोजित होने वाली सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता NDJL–2025 (नालंदा डिस्ट्रिक्ट जूनियर लीग) इस वर्ष एक विशेष पहचान के साथ आयोजित की जा रही है। जिला क्रिकेट के घरेलू सत्र 2025–26 की शुरुआत 7 दिसंबर से होने जा रही है और यह लीग इस बार “स्व. राजू वाल्स ट्रॉफी” के नाम से खेली जाएगी। इसी क्रम में आज लीग की जर्सी का अनावरण पूर्व रणजी खिलाड़ी सुनील वाल्स और वरिष्ठ अधिकारी मनोज सिंह द्वारा किया गया।
स्व. राजू वाल्स के सम्मान में लीग का नामकरण
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नालंदा ने इस वर्ष लीग को स्व. राजू वाल्स की स्मृति को समर्पित करने का निर्णय लिया है। स्व. राजू वाल्स का इसी वर्ष निधन हुआ था। वह पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी, पूर्व BCCI पिच क्यूरेटर, तथा बिहार क्रिकेट संघ के U-16 टीम के पूर्व कोच रह चुके थे। बिहार क्रिकेट में उनके योगदान और वर्षों की सेवाओं को सम्मान देते हुए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ़ नालंदा ने यह महत्वपूर्ण पहल की है।
7 से 14 दिसंबर तक होगा मुकाबला, कुल 8 टीमें होंगी शामिल
NDJL–2025 स्व. राजू वाल्स ट्रॉफी 7 दिसंबर 2025, रविवार से शुरू होकर 14 दिसंबर 2025 तक खेली जाएगी। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों को शामिल किया गया है, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है। जिसमें ग्रुप ए में टीम A, टीम C, टीम E, टीम G को रखा गया है। वहीं ग्रुप बी में टीम B, टीम D, टीम F, टीम H को रखा गया है। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप में तीन मैच खेलेगी। सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में होंगे, जिसमें खिलाड़ी रंगीन जर्सी में व्हाइट बॉल के साथ मैदान में उतरेंगे।
जूनियर खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा प्रतिस्पर्धी मंच
NDJL–2025 का उद्देश्य नालंदा जिले में उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करना है, जहां वे प्रतिस्पर्धी माहौल में अपने कौशल को निखार सकें। यह लीग नालंदा जिले के उन युवा प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जो भविष्य में जिला, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर नालंदा और बिहार का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखते हैं।
जर्सी अनावरण ने बढ़ाया उत्साह
जर्सी अनावरण कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह देखने को मिला। सुनील वाल्स और मनोज सिंह ने लीग के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं और युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।




