पटना। मोइनुल हक स्टेडियम के बाहरी परिसर स्थित सीएबी ग्राउंड पर मंगलवार से द्वितीय विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ। पहले दिन बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी जलवा दिखा। राजू बाल्स एकादश के आयुष्मान जैन ने 103 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि हर्षवर्धन चौधरी ने पांच विकेट लेकर जीसस एंड मेरी रेड की पारी समेट दी।
सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व अंडर-19 कप्तान अमिकर दयाल, डिप्टी मेयर रेशमी चंद्रवंशी, जदयू के रवि ज्योति और लोजपा रामविलास के संतोष कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों का स्वागत डॉ. इंद्रदीप कुमार चंद्रवंशी ने शॉल, बुके और मोमेंटो देकर किया। फाउंडेशन के फाउंडर संतोष तिवारी ने सभी के प्रति आभार जताया।

बसावन ने 28 रन से जीता पहला मैच
पहले मुकाबले में बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी ने जीसस एंड मेरी ग्रीन को 28 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बसावन ने रोहन सिंह के 55 रन और 51 अतिरिक्त रनों की मदद से 21 ओवर में छह विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में जीसस एंड मेरी ग्रीन की टीम 14.1 ओवर में 113 रन पर सिमट गई। कप्तान प्रिंस कुमार ने 45 रन बनाए। बसावन के शशांक शेखर ने 21 रन देकर चार विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
बसावन पार्क क्रिकेट एकेडमी: 21 ओवर में 141/6, विराज सिंह 13, रोहन सिंह 55, अर्नव राय 10, अभिनव प्रकाश 12, अतिरिक्त 51, युवराज गुप्ता 2/9, प्रिंस कुमार 2/14.
जीसस एंड मेरी ग्रीन: 14.1 ओवर में 113/10, मो जैद 10, प्रिंस कुमार 45, रिषु गुप्ता 10, अतिरिक्त 22, दिव्यांशु 1/3, ओमकार पाठक 2/37, शशांक शेखर 4/21.
आयुष्मान का शतक, 212 रन से बड़ी जीत
दूसरे मुकाबले में राजू बाल्स एकादश ने जीसस एंड मेरी रेड को 212 रन से करारी शिकस्त दी। राजू बाल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आयुष्मान जैन के 103 रन और आशीष राज के नाबाद 64 रन की बदौलत 21 ओवर में दो विकेट पर 265 रन बनाए। आयुष्मान ने 70 गेंदों में 18 चौके और दो छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीसस एंड मेरी रेड की टीम 13.1 ओवर में महज 53 रन पर ढेर हो गई। हर्षवर्धन चौधरी ने नौ रन देकर पांच विकेट लिए। शतकवीर आयुष्मान जैन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
संक्षिप्त स्कोर
राजू बाल्स एकादश: 21 ओवर में 265/2, आयुष्मान जैन 103, विराट वाल्स 18, रौनित सिन्हा नाबाद 19, आशीष राज नाबाद 64, अतिरिक्त 61, आदर्श 1/44.
जीसस एंड मेरी रेड: 13.1 ओवर में 53/10, काकाश 12, आदर्श 8, अतिरिक्त 26,
हर्षवर्धन चौधरी 5/9, सूरज 2/7.




