पटना/प्रयागराज। पीआईआर क्रिकेट एकेडमी के होनहार युवा क्रिकेटर महा तेजस्वी ने अपनी प्रतिभा के दम पर सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता के लिए बिहार अंडर-14 टीम में जगह बनाई है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में महा तेजस्वी बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से पीआईआर क्रिकेट एकेडमी में खुशी का माहौल है।
प्रयागराज में 18 से 23 सितंबर तक आयोजित सीबीएसई के ट्रायल एवं चयन शिविर में महा तेजस्वी ने शानदार प्रदर्शन किया। उनके खेल कौशल और प्रदर्शन से प्रभावित चयनकर्ताओं ने उन्हें बिहार की अंडर-14 टीम के लिए चुना। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।

मदुरै में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरेंगे
सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन तमिलनाडु के मदुरै में किया जाना है। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस राष्ट्रीय मंच पर महा तेजस्वी बिहार की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। एकेडमी से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि वह अपने प्रदर्शन से बिहार और पीआईआर क्रिकेट एकेडमी का नाम रोशन करेंगे।
महा तेजस्वी के चयन पर पीआईआर क्रिकेट एकेडमी के कोच पंकज मिश्रा, रितेश रंजन और इंद्रजीत कुमार समेत एकेडमी के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि महा तेजस्वी का चयन उनकी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति अनुशासन का परिणाम है।
एकेडमी प्रबंधन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करना महा तेजस्वी के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि एकेडमी के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। एकेडमी परिवार ने महा तेजस्वी के आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जतायी है।




