सीनियर राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के लिए बिहार की टीम लगातार पसीना बहा रही है। इस चैंपियनशिप का आयोजन 4 से 8 नवंबर तक श्रीनगर में होगा। बिहार की टीम का प्रशिक्षण शिविर में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहा है। बिहार के पुरुष और महिला की टीम लगातार 12 दिन से कैंप कर रही है। कैंप में खिलाड़ी पसीने बहाते दिख रहे हैं। कैंप के बाद महिला एवं पुरुष की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया जाएगा।

सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने किया कमेटी का विस्तार, नितिन कुमार बने उपाध्यक्ष
पटना। सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार ने संगठन को मजबूत बनाने और राज्य में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विकास को गति देने के उद्देश्य से अपनी प्रदेश कमेटी का विस्तार किया है। इस क्रम में नितिन कुमार को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 30 जुलाई से हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश कमेटी, जिला इकाइयों एवं आयोजन समिति के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।

पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नितिन कुमार के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और बिहार में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विस्तार को नई गति प्राप्त होगी। साथ ही राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष नितिन कुमार ने नियुक्ति पर एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के सभी जिलों में सॉफ्टबॉल क्रिकेट को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के सहयोग से इस खेल को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाजीपुर में आयोजित होने वाली द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी। इस आयोजन को लेकर एसोसिएशन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।





