पटना, 28 नवंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) पटना ईस्ट में आयोजित तीन दिवसीय इंटर-स्कूल स्पोर्ट्स एक्स्ट्रावैगेंजा ‘एक्सेलसियर 3.0’ के दूसरे दिन शनिवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर कई टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की. वहीं, एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
दूसरे दिन की शुरुआत एथलेटिक्स की ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं से हुई. 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और रिले रेस में खिलाड़ियों ने अपनी रफ्तार और दमखम दिखाया. एथलेटिक्स में डीपीएस पटना ईस्ट, लिटेरा वैली, ट्रिनिटी ग्लोबल और लिटेरा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का दबदबा रहा.

फुटबॉल में डीपीएस और ट्रिनिटी ग्लोबल की जीत
फुटबॉल के पहले सेमीफाइनल में मेजबान डीपीएस पटना ईस्ट ने त्रिभुवन विद्यालय को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ट्रिनिटी ग्लोबल स्कूल ने लिटेरा वैली स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से शिकस्त दी.
कबड्डी में शिवम कॉन्वेंट का शानदार प्रदर्शन
कबड्डी प्रतियोगिता में शिवम कॉन्वेंट ने शानदार खेल दिखाया. टीम ने विणा विद्या निकेतन को 41-17 से हराया. पहले सेमीफाइनल में लिटेरा पब्लिक स्कूल ने डीपीएस पटना ईस्ट को 43-35 से पराजित किया. वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में शिवम कॉन्वेंट ने लोरिस्तान विद्यालय को 38-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया.
बास्केटबॉल में बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले रहे रोमांचक
बालिका वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गोविंदा इंटरनेशनल स्कूल ने ट्रिनिटी ग्लोबल स्कूल को 19-6 से हराया. दूसरे सेमीफाइनल में संत जोसेफ जेठुली ने मेजबान डीपीएस पटना ईस्ट को 28-4 से पराजित किया.
बालक वर्ग में गोविंदा इंटरनेशनल स्कूल ने लिटेरा वैली स्कूल को 25-6 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ट्रिनिटी ग्लोबल स्कूल ने कड़े मुकाबले में डीपीएस पटना ईस्ट को 37-35 से शिकस्त दी.
वॉलीबॉल में मे फ्लावर और शिवम कॉन्वेंट ने जीते सेमीफाइनल
वॉलीबॉल के पहले सेमीफाइनल में मे फ्लावर स्कूल ने ट्रिनिटी ग्लोबल स्कूल को 25-15 और 25-20 से हराया. दूसरे सेमीफाइनल में शिवम कॉन्वेंट ने डीपीएस पटना ईस्ट को 25-9 और 25-11 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया.
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल हार-जीत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और एकजुटता का पाठ भी सिखाता है. दूसरे दिन सभी खिलाड़ियों ने जिस खेल भावना और उत्साह का परिचय दिया है, वह सराहनीय है.
प्रतियोगिता का समापन समारोह रविवार, 29 नवंबर को आयोजित होगा. अंतिम दिन विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. इसके बाद विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा.




