पटना, 28 नवंबर। एसजीएफआई अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है. शनिवार को खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में पटना ने तिरहुत प्रमंडल को चार रन से हराया. पटना की जीत के हीरो आयुष कुमार रहे, जिन्होंने पहले बल्लेबाजी में 37 रन बनाए और फिर गेंदबाजी में तीन विकेट झटककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
विजय राघवन स्टेडियम, पटेल मैदान, समस्तीपुर में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट पर 112 रन बनाए. टीम की ओर से आयुष कुमार ने 25 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 37 रन की शानदार पारी खेली. वहीं, कुमार रोचक (एम्मी) ने 22 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 32 रन बनाए. यश ने भी 28 गेंदों में 28 रन का योगदान दिया.

आयुष और अवनीश ने गेंद से किया कमाल
113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिरहुत प्रमंडल की टीम निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट पर 108 रन ही बना सकी और चार रन से मुकाबला गंवा दिया. तिरहुत की ओर से कप्तान बिलाल शाह ने 35 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि शक्ति सिंह ने सात गेंदों में 13 रन की तेज पारी खेली.
पटना की ओर से आयुष कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में महज 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. अवनीश अरविंद ने भी तीन ओवर में 13 रन खर्च कर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. पार्थ को एक सफलता मिली. पटना के गेंदबाजों ने आखिरी तक दबाव बनाए रखा और टीम को रोमांचक जीत दिलाकर फाइनल का टिकट पक्का किया. इसकी जानकारी प्रतियोगिता के तकनीकी पदाधिकारी धनंजय कुमार ने दी.




