पटना, 27 नवंबर. एसजीएफआई अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के सुपर नॉकआउट मुकाबले में पटना प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 29 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. समस्तीपुर के विजय राघवन स्टेडियम, पटेल मैदान पर खेले गए मुकाबले में पटना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाए.
जवाब में दरभंगा प्रमंडल की टीम 13.1 ओवर में 104 रन पर ऑलआउट हो गई. पटना की जीत में यश और कुमार रोचक के अर्धशतकों के साथ गेंदबाज अवनीश अरविंद की घातक गेंदबाजी अहम रही. उन्होंने चार विकेट झटके. यह जानकारी प्रतियोगिता के तकनीकी पदाधिकारी धनंजय कुमार ने दी.

यश और कुमार रोचक ने जड़े अर्धशतक
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम को यश और कुमार रोचक ने मजबूत स्थिति में पहुंचाया. दोनों बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं. यश ने 36 गेंदों में सात चौकों की मदद से 50 रन बनाए. वहीं, कुमार रोचक (एमी) ने 39 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली. दोनों के बीच बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत पटना ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. आयुष कुमार ने भी 10 गेंदों में 22 रन बनाकर टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया.
दरभंगा प्रमंडल की ओर से उज्ज्वल कुमार ने दो विकेट हासिल किए, जबकि अरुणेश आनंद को एक सफलता मिली.
अवनीश की गेंदों पर बिखरी दरभंगा की बल्लेबाजी
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा प्रमंडल की टीम पटना के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. अयान ने 19 गेंदों में 23 रन और कार्तिकेय झा ने 16 गेंदों में 18 रन बनाए. कप्तान मो. सुफियान खान 10 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे. हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और पूरी टीम 13.1 ओवर में 104 रन पर सिमट गई.
पटना की ओर से अवनीश अरविंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में महज 12 रन देकर चार विकेट झटके. विराट यादव ने एक ओवर में छह रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि आयुष कुमार को एक सफलता मिली. इस तरह पटना प्रमंडल ने 29 रन से मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया.




