पटना. दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), पटना ईस्ट के तीन दिवसीय अंतर-विद्यालयी खेल महोत्सव ‘एक्सेल्सियर 3.0-2026’ का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ. 27 से 29 नवंबर तक आयोजित इस खेल महोत्सव में पटना के 19 स्कूलों के 750 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा.
उद्घाटन समारोह में डीपीएस पटना ईस्ट के प्रधानाचार्य संजय तिवारी, उप-प्रमुख मो. अशफाक इकबाल और विद्यालय के समन्वयक उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता के दौरान निष्पक्ष खेल, अनुशासन, सत्यनिष्ठा और खेल भावना बनाए रखने का संकल्प लिया.

समारोह में भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी संजय दयाल और कबड्डी के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता राजीव कुमार सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए. दोनों खिलाड़ियों ने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया. उनके हाथों खेल महोत्सव का आगाज होने से प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
पहले दिन फुटबॉल और कबड्डी में दिखा कड़ा मुकाबला
एक्सेल्सियर 3.0 के पहले दिन विभिन्न खेलों में कई रोमांचक मुकाबले खेले गए. फुटबॉल में लिटेरा वैली ने गोविंदा को 4-0 से हराया, जबकि ट्रिभुवन ने सेंट डोमिनिक के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की.
कबड्डी में लिटेरा पब्लिक ने लिटेरा वैली को एकतरफा मुकाबले में 23-2 से पराजित किया. वहीं, डीपीएस पटना ईस्ट और ग्लोबल महाविद्यालय के बीच बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिला, जिसमें डीपीएस पटना ईस्ट ने 44-43 से जीत हासिल की.
वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
वॉलीबॉल में ट्रिनिटी ने सेंट करेन को 25-16 और 25-20 से हराया. वहीं, ब्रैडफोर्ड ने ग्लोबल महाविद्यालय के खिलाफ 25-5 और 25-9 से जीत दर्ज की.
बास्केटबॉल के बालक वर्ग में गोविंदा ने लिटेरा वैली और ट्रिनिटी ने पीसीएस को हराकर जीत हासिल की. बालिका वर्ग में गोविंदा ने ट्रिनिटी को, जबकि सेंट जोसेफ्स ने डीपीएस पटना ईस्ट को पराजित किया. एथलेटिक्स में डीपीएस पटना ईस्ट और लिटेरा वैली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.
तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल महोत्सव का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ उनमें टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है. पहले दिन के मुकाबलों ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया है. अब सभी की नजरें अगले दो दिनों के मुकाबलों पर टिकी हैं.




