नरसिंहपुर। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की ओर से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 के अंडर-19 बालक वर्ग में बिहार की टीम ने शानदार जीत दर्ज की. 11 नवंबर को नरसिंहपुर के राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित बोहानी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बिहार ने छत्तीसगढ़ को 62 रनों से पराजित किया. बिहार की जीत के हीरो कुमार शान रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए.
मुकाबले में टॉस जीतकर बिहार ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए. बिहार की ओर से हरिओम ने 41 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली. वहीं, उत्कर्ष ने 23 गेंदों में 31 रन और शाश्वत वत्स ने 29 रनों का योगदान दिया. इन पारियों की बदौलत बिहार की टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही.

छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए अलोक जना ने 27 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि मनजीत को 22 रन देकर दो सफलताएं मिलीं.
153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम बिहार के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 90 रनों पर सिमट गई. बिहार की ओर से कुमार शान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके. वहीं, ओंकार ने दो विकेट लेकर छत्तीसगढ़ की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई.
मैच में पांच विकेट लेकर बिहार की जीत में निर्णायक भूमिका निभाने वाले कुमार शान को मैन ऑफ द मैच चुना गया. इस जीत के साथ बिहार ने राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की.




