पटना। ALPHA UNDER-14 CUP 2026 के फाइनल मुकाबले में Goal Cricket Academy ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Patna 11 को 15 रनों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. रोमांचक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए Goal Cricket Academy ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए. जवाब में Patna 11 की टीम नौ विकेट पर 169 रन ही बना सकी.
Goal Cricket Academy की ओर से शिवम सम्राट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों पर 90 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. मधुकांत पांडेय ने भी 26 रनों का योगदान दिया.

185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Patna 11 की ओर से आयुष कुमार ने शानदार संघर्ष किया. उन्होंने 68 गेंदों पर नाबाद 116 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम लक्ष्य से 15 रन दूर रह गई. Goal Cricket Academy की ओर से एमडी फैसल ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
फाइनल मुकाबले में शानदार 90 रन बनाने वाले शिवम सम्राट को मैन ऑफ द मैच चुना गया. वहीं पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले Patna 11 के आयुष कुमार को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला. आयुष ने चार पारियों में 260 रन बनाने के साथ सात विकेट भी हासिल किए.
शिवम सम्राट को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया. उन्होंने चार पारियों में कुल 314 रन बनाए. वहीं Goal Cricket Academy के अयुशलान सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने. उन्होंने तीन मैचों में नौ विकेट हासिल किए.
टूर्नामेंट के समापन पर Alpha Sports Academy की ओर से विजेता Goal Cricket Academy, उपविजेता Patna 11 और सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी गई. प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों और खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना से प्रभावित किया.




