KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे ◆ 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ◆ 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
◆
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

ALPHA UNDER-14 CUP 2026: गोल क्रिकेट एकेडमी ने पटना-11 को 15 रन से हराकर जीता खिताब

पटना। ALPHA UNDER-14 CUP 2026 के फाइनल मुकाबले में Goal Cricket Academy ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Patna 11 को 15 रनों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. रोमांचक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए Goal Cricket Academy ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए. जवाब में Patna 11 की टीम नौ विकेट पर 169 रन ही बना सकी.

Goal Cricket Academy की ओर से शिवम सम्राट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों पर 90 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. मधुकांत पांडेय ने भी 26 रनों का योगदान दिया.

185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Patna 11 की ओर से आयुष कुमार ने शानदार संघर्ष किया. उन्होंने 68 गेंदों पर नाबाद 116 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम लक्ष्य से 15 रन दूर रह गई. Goal Cricket Academy की ओर से एमडी फैसल ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

फाइनल मुकाबले में शानदार 90 रन बनाने वाले शिवम सम्राट को मैन ऑफ द मैच चुना गया. वहीं पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले Patna 11 के आयुष कुमार को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला. आयुष ने चार पारियों में 260 रन बनाने के साथ सात विकेट भी हासिल किए.

शिवम सम्राट को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया. उन्होंने चार पारियों में कुल 314 रन बनाए. वहीं Goal Cricket Academy के अयुशलान सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने. उन्होंने तीन मैचों में नौ विकेट हासिल किए.

टूर्नामेंट के समापन पर Alpha Sports Academy की ओर से विजेता Goal Cricket Academy, उपविजेता Patna 11 और सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी गई. प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों और खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना से प्रभावित किया.

Read More

शिवम सम्राट के दम पर सीएबी ने जीती विमला देवी मेमोरियल क्रिकेट ट्रॉफी, फाइनल में ट्रैम्फैंट सीसी को 49 रन से दी शिकस्त

क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। गुरुवार को सीएबी ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में सीएबी ने ट्रैम्फैंट क्रिकेट क्लब को 49 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। सीएबी की जीत में शिवम सम्राट की शानदार अर्धशतकीय पारी और अमन की घातक गेंदबाजी निर्णायक रही।

टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सीएबी की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में सात विकेट पर 204 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ओपनर शिवम सम्राट ने 46 गेंदों पर आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 71 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, आस्तित्व चंद्रा ने 39, विवेक कुमार ने 37 और आर्यन सिंह ने 19 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त के रूप में 31 रन मिले। ट्रैम्फैंट की ओर से स्पर्श ने दो विकेट लिए, जबकि प्रियांशु यादव, मयंक, आदर्श और करन को एक-एक सफलता मिली।

अमन ने झटके पांच विकेट

205 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी की टीम 19.3 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शिवम राज ने 53 रन की पारी खेली। आकर्ष राज ने 28, स्पर्श ने 29, प्रियांशु यादव ने 13 और मयंक ने नाबाद 17 रन बनाए। सीएबी की ओर से अमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट चटकाए। राहुल ने 28 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि आर्यन सिंह और दक्ष राज को एक-एक विकेट मिला। शानदार प्रदर्शन के लिए अमन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इन खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार

मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार फिनिक्स सीसी के अमय सहाय को मिला। राजू वाल्स एकेडमी के आयुष्मान जैन बेस्ट बैट्समैन, सीएबी के श्रेष्ठ सुमन बेस्ट बॉलर, वाईसीसी के वेद नारायण बेस्ट विकेटकीपर और राज स्क्वायर के आयुष सिंह बेस्ट फील्डर चुने गए।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, एडीएम (उप समाहर्ता) सुबोध कुमार सिंह, संतोष कुमार, भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी और लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के आयोजक इंद्रदीप चंद्रवंशी ने अतिथियों का स्वागत किया। सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के महासचिव सह आयोजन अध्यक्ष संतोष तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जबकि मंच संचालन मृत्युंजय झा ने किया।

Read More

बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता: ताब्शीर आलम बने बिहार शतरंज के नए बादशाह, किशन कुमार उपविजेता

मुजफ्फरपुर। अखिल बिहार शतरंज संघ एवं मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। नौ चक्रों तक चले इस टूर्नामेंट में पटना के मोहम्मद ताब्शीर आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। किशन कुमार 7.5 अंकों के साथ दूसरे और मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा 7 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के अंतिम नौवें चक्र में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा और पटना के ताब्शीर आलम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। इस परिणाम के साथ ताब्शीर ने 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने खगड़िया के शुभम कुमार को पराजित कर 7.5 अंकों के साथ उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

ताब्शीर को कड़ी टक्कर देने वाले प्रणीत सिन्हा ने 7 अंक जुटाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दरभंगा के भूपनाथ और पटना के रूपेश बी रामचन्द्र भी 7-7 अंकों के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा और मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष अमिताभ चंद्रा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव हिमांशु कुमार ने किया।

इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष अभिजीत कुमार, उपाध्यक्ष रविशंकर कुमार एवं राकेश कुमार त्रिवेदी, आभाष कुमार, संयुक्त सचिव सुनील कुमार एवं मनीष कुमार, सदस्य राघवेंद्र कुमार, प्रशांत कुमार एवं विजय कुमार, मुख्य निर्णायक नंदकिशोर श्रीवास्तव, आलोक प्रियदर्शी, दामोदर कुमार, चन्द्र राज, प्रत्यूष कुमार, अंकित कुमार मिश्रा और अजय कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

शीर्ष 10 खिलाड़ियों की सूची

  1. मोहम्मद ताब्शीर आलम – 8 अंक (पटना)
  2. किशन कुमार – 7.5 अंक (बेगूसराय)
  3. प्रणीत सिन्हा – 7 अंक (मुजफ्फरपुर)
  4. भूपनाथ – 7 अंक (दरभंगा)
  5. रूपेश बी रामचन्द्र – 7 अंक (पटना)
  6. विजय कुमार – 7 अंक (पटना)
  7. विपल सुभाषी – 6.5 अंक (पटना)
  8. विवेक शर्मा – 6.5 अंक (पटना)
  9. सुधीर कुमार सिन्हा – 6.5 अंक (पटना)
  10. देवांश केशरी – 6.5 अंक (पटना)
Read More

मयंक और राहुल का कहर, ट्रैम्फैंट-सीएबी में खिताबी जंग गुरुवार को

पटना। सीएबी ग्राउंड पर सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) ने शानदार जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली।

पहले सेमीफाइनल में ट्रैम्फैंट ने करुणा किंग्स को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सीएबी ने फिनिक्स टीम बी को सात विकेट से हराया। अब गुरुवार को दोनों टीमों के बीच खिताब के लिए भिड़ंत होगी।

15 रन पर सिमटी करुणा किंग्स

पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने करुणा किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ट्रैम्फैंट के गेंदबाजों के सामने करुणा के बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। 21 ओवर के मुकाबले में करुणा की पूरी टीम महज 11.4 ओवर में 15 रन पर सिमट गई। इसमें सात रन अतिरिक्त के रहे। ट्रैम्फैंट के कप्तान मयंक ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में चार मेडन के साथ महज चार रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं प्रियांशु यादव ने चार ओवर में नौ रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट सीसी ने महज 1.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 20 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

राहुल की गेंदबाजी से सीएबी की जीत

दूसरे सेमीफाइनल में फिनिक्स टीम बी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिनिक्स की टीम 17 ओवर में 74 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अतिरिक्त 21 रन बने, जबकि कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। सीएबी के राहुल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। जवाब में सीएबी ने 12.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

आर्यन ने नाबाद 17 और हर्षित राज ने नाबाद 33 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में 17 रन भी टीम के खाते में जुड़े। फिनिक्स की ओर से श्रीमंतो ने तीन ओवर में सात रन देकर दो विकेट हासिल किए। शानदार गेंदबाजी के लिए राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब गुरुवार को ट्रैम्फैंट सीसी और क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

Read More

विपुल, विवेक और तफसीर की तिकड़ी शीर्ष पर, किशन की जीत का सिलसिला थमा

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के चंद्रविला विवाह भवन में चल रही बिहार राज्य सीनियर फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में छह चक्रों के बाद पटना के खिलाड़ियों का दबदबा कायम है। छह चक्रों की समाप्ति के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम 5.5-5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं। प्रतियोगिता में नौ चक्र खेले जाने हैं और ऐसे में खिताब की दौड़ अब और रोमांचक हो गयी है।

मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के छठे चक्र में कई मुकाबलों के नतीजे चौंकाने वाले रहे। सबसे खास बात यह रही कि पांच चक्रों तक लगातार जीत दर्ज कर शीर्ष पर चल रहे बेगूसराय के किशन कुमार को विपुल सुभाषी ने रोक दिया।

80 चालों तक चला मुकाबला, विपुल ने किशन का विजय अभियान रोका

पहले बोर्ड पर पटना के विपुल सुभाषी ने सफेद मोहरों से सिसिलियन डिफेंस ओपनिंग खेलते हुए बेगूसराय के किशन कुमार को 80 चालों तक चले बेहद लंबे मुकाबले में शिकस्त दी। किशन ने प्रतियोगिता के शुरुआती पांचों चक्र में लगातार जीत दर्ज की थी और वह अकेले शीर्ष पर चल रहे थे। विपुल के खिलाफ मिली हार के बाद उनका विजय अभियान थम गया।

दूसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए दरभंगा के भूपनाथ को 44 चालों में पराजित किया। इस जीत के साथ विवेक ने भी अपने खाते में महत्वपूर्ण अंक जोड़ा और शीर्ष स्थान पर अपनी दावेदारी मजबूत की।

तीसरे बोर्ड पर सबसे अहम मुकाबलों में से एक देखने को मिला। पटना के मोहम्मद तफसीर आलम ने काले मोहरों से खेलते हुए अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व राज्य चैंपियन सुधीर कुमार सिन्हा को 45 चालों तक चले मुकाबले में हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के बाद तफसीर 5.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गये।

प्रणीत ने ज्यादा रेटिंग वाले खिलाड़ी को ड्रॉ पर रोका

चौथे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के युवा खिलाड़ी प्रणीत सिन्हा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। काले मोहरों से खेलते हुए प्रणीत ने अपने से करीब 100 रेटिंग अंक अधिक रखने वाले पटना के रुपेश बी. रामचंद्रन को 51 चालों तक चले मुकाबले में ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया। प्रणीत के खाते में अब पांच अंक हैं और वह शीर्ष 10 में पांचवें स्थान पर हैं।

अनरेटेड उज्ज्वल ने 1730 रेटिंग वाले खिलाड़ी को दी मात

छठे चक्र का सबसे बड़ा उलटफेर 12वें बोर्ड पर हुआ, जहां मुजफ्फरपुर के अनरेटेड और नवोदित खिलाड़ी उज्ज्वल सिंह ने बेगूसराय के 1730 रेटिंग वाले अर्थ भारद्वाज को हरा दिया। उज्ज्वल ने काले मोहरों से खेलते हुए 65 चालों तक चले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। उनके प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में एक और बड़ा उलटफेर दर्ज कर दिया।

शीर्ष पर तीन खिलाड़ी, खिताब की दौड़ रोमांचक

छह चक्रों के बाद विपुल सुभाषी, विवेक शर्मा और मोहम्मद तफसीर आलम के 5.5-5.5 अंक हैं। वहीं किशन कुमार, प्रणीत सिन्हा, विजय कुमार, दिवांस केसरी और शुभम कुमार पांच-पांच अंकों के साथ उनके ठीक पीछे हैं। सुधीर कुमार सिन्हा और रुपेश बी. रामचंद्रन के 4.5-4.5 अंक हैं।

प्रतियोगिता में कुल नौ चक्रों के मुकाबले खेले जाएंगे। तीन चक्र अभी बाकी हैं और शीर्ष खिलाड़ियों के बीच अंकों का अंतर बेहद कम है। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में एक जीत या हार भी खिताब की तस्वीर बदल सकती है। अंतिम चक्र के बाद ही बिहार के सीनियर राज्य चैंपियन का फैसला होगा।

छठे चक्र के बाद शीर्ष-10

  1. विपुल सुभाषी, पटना — 5.5 अंक
  2. विवेक शर्मा, पटना — 5.5 अंक
  3. मोहम्मद तफसीर आलम, पटना — 5.5 अंक
  4. किशन कुमार, बेगूसराय — 5 अंक
  5. प्रणीत सिन्हा, मुजफ्फरपुर — 5 अंक
  6. विजय कुमार, पटना — 5 अंक
  7. दिवांस केसरी, पटना — 5 अंक
  8. शुभम कुमार, भागलपुर — 5 अंक
  9. सुधीर कुमार सिन्हा, पटना — 4.5 अंक
  10. रुपेश बी. रामचंद्रन, पटना — 4.5 अंक
Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.