पटना (22 OCT): सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को रॉयल रूल्स और ट्रैम्फैंट सीसी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। पहले प्री-क्वार्टरफाइनल में रॉयल रूल्स ने कृष एससीए एकादश को तीन विकेट से हराया।
वहीं, दूसरे मुकाबले में ट्रैम्फैंट सीसी ने राजू वॉल्स एकादश को पांच विकेट से मात दी। रॉयल रूल्स की जीत में आरूज नवाब खान ने गेंद से अहम भूमिका निभाते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि ट्रैम्फैंट की जीत के हीरो प्रिंस राज रहे, जिन्होंने चार विकेट लेने के साथ नाबाद 19 रन भी बनाए।

रॉयल रूल्स ने मारी बाजी
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी रॉयल रूल्स ने कृष एससीए एकादश को 20.5 ओवर में 108 रन पर समेट दिया। कृष की ओर से हर्ष ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि आदित्य सिंह ने 11 रन का योगदान दिया। रॉयल रूल्स के आरूज नवाब खान ने पांच ओवर में 27 रन देकर चार विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल रूल्स की टीम ने 18.3 ओवर में सात विकेट पर 109 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान आदित्य राज ने 24, मौर्य ने 18 और आदित्य सैनी ने नाबाद 28 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में मिले 17 रन भी टीम के काम आए। गेंद और मैच के रुख पर प्रभाव डालने वाले आरूज नवाब खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्रिंस राज का ऑलराउंड प्रदर्शन
दूसरे प्री-क्वार्टरफाइनल में टॉस जीतकर ट्रैम्फैंट सीसी ने राजू वॉल्स एकादश को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। राजू वॉल्स ने निर्धारित 21 ओवर में आठ विकेट पर 119 रन बनाए। आयुष्मान जैन ने 18, जबकि आदर्श नाथ और कप्तान सार्थक राज ने 23-23 रन बनाए। टीम के स्कोर में अतिरिक्त के 41 रन का भी योगदान रहा। ट्रैम्फैंट की ओर से प्रिंस राज ने पांच ओवर में 18 रन देकर चार विकेट झटके और एक मेडन ओवर भी फेंका।
जवाब में ट्रैम्फैंट सीसी ने 17.4 ओवर में पांच विकेट पर 120 रन बनाकर पांच विकेट से जीत दर्ज की। आकर्ष राज ने 31, विकेटकीपर बल्लेबाज स्पर्श ने 21 और प्रिंस राज ने नाबाद 19 रन बनाए। राहुल ने 10 रन का योगदान दिया, जबकि अतिरिक्त के 34 रन भी अहम रहे। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रिंस राज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




