जहानाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली अंडर-14 बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए जहानाबाद जिले की 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी गयी है। प्रतियोगिता के मुकाबले गया कॉलेज, गया में खेले जायेंगे। जहानाबाद टीम की कमान युवा तेज गेंदबाज आयुष रंजन को सौंपी गयी है।
टीम में बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और गेंदबाजी का संतुलन देखने को मिल रहा है। चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रतिभा को देखते हुए टीम का चयन किया है। जहानाबाद की टीम प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के इरादे से उतरेगी।

टीम में अयान वर्मा और प्रभात कुमार को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शामिल किया गया है। बल्लेबाजी विभाग में देव कुमार, मेधांश सिंह कौशिक, आर्यन निधि, जिगर कुमार, आदित्य कुमार और अभिषेक कुमार हैं। वहीं कप्तान आयुष रंजन के अलावा दिव्यांशु कुमार, अंबुज कुमार, अमन राज, यश कश्यप, आदित्य राज, संस्कार कुमार और विराट कुमार गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जहानाबाद अंडर-14 टीम: अयान वर्मा, देव कुमार, प्रभात कुमार, मेधांश सिंह कौशिक, आर्यन निधि, जिगर कुमार, आयुष रंजन (कप्तान), दिव्यांशु कुमार, अंबुज कुमार, अमन राज, यश कश्यप, आदित्य राज, संस्कार कुमार, आदित्य कुमार, विराट कुमार और अभिषेक कुमार।




