पटना, 17 अक्टूबर 2026। अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी, पटना के मैदान पर आयोजित अल्फा अंडर-14 कप 2026 के लीग मुकाबलों में ड्रॉना स्पोर्ट्स एरिना और अल्फा क्रिकेट एकेडमी (कंकड़बाग) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में ड्रॉना स्पोर्ट्स एरिना ने उषा मार्टिन इंटरनेशनल स्कूल को 113 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ड्रॉना स्पोर्ट्स एरिना ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से हर्ष राज और ओम मिश्रा ने 47-47 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उषा मार्टिन इंटरनेशनल स्कूल की टीम 10.3 ओवर में 55 रनों पर ऑलआउट हो गई। ड्रॉना की ओर से कृष्णा ने 3 और पुण्य प्रसून ने 2 विकेट हासिल किए।

दूसरे मुकाबले में अल्फा क्रिकेट एकेडमी (कंकड़बाग) ने उषा मार्टिन वर्ल्ड स्कूल को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उषा मार्टिन वर्ल्ड स्कूल की टीम 9 ओवर में 41 रनों पर सिमट गई। अल्फा की ओर से प्रियंशु कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि कप्तान मोहित कुमार ने 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। जवाब में अल्फा क्रिकेट एकेडमी (कंकड़बाग) ने 8.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 42 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली। एनीयान के ने नाबाद 14 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
दोनों मुकाबलों में गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अल्फा अंडर-14 कप युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव प्राप्त करने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है।





