पटना। सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी दम दिखाया। करुणा क्रिकेट एकेडमी के अर्पित कुमार और आयुष ने अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, तो गेंदबाज आशीष ने विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया।
करुणा ने ट्रैम्फैंट ब्लू को 121 रन से हराया। वहीं, दूसरे मुकाबले में बिहार कैम्ब्रीज क्रिकेट एकेडमी ने शुभम की 47 रन की पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर एसपीएस क्रिकेट कोचिंग सेंटर को 26 रन से शिकस्त दी। दोनों विजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आशीष प्लेयर ऑफ द मैच
पहले मुकाबले में ट्रैम्फैंट ब्लू ने टॉस जीतकर करुणा क्रिकेट एकेडमी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। करुणा ने अर्पित कुमार के 51 और आयुष के 51 रन की पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 166 रन बनाए। अभिषेक कुमार यादव 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैम्फैंट ब्लू की टीम करुणा के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। पूरी टीम 13.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई। आशीष ने तीन विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। आदित्य राज ने दो और अभिषेक यादव ने एक विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए आशीष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर :
करुणा क्रिकेट एकेडमी : 20 ओवर में 166/5, अर्पित कुमार 51, आयुष 51, अभिषेक कुमार यादव नाबाद 15, अतिरिक्त 36.
ट्रैम्फैंट ब्लू : 13.5 ओवर में 45/10। अतिरिक्त 26। आदित्य राज 2/11, आशीष 3/16, अभिषेक यादव 1/1.
शुभम की पारी से कैम्ब्रीज ने मारी बाजी
दूसरे मुकाबले में बिहार कैम्ब्रीज क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। शुभम ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि गौरव अजय कुमार ने 19 और गौरव कुमार ने 16 रन का योगदान दिया। मो. हमदनौल होदा ने 11 रन बनाए। टीम ने 21 ओवर में नौ विकेट पर 144 रन का स्कोर खड़ा किया। एसपीएस क्रिकेट कोचिंग सेंटर की ओर से प्रिंस राज ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसपीएस की टीम 19.3 ओवर में 118 रन पर ऑलआउट हो गई। रित्विक ने 55 रन बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। कैम्ब्रीज की ओर से गौरव ने तीन, शुभम और आर्यन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रोहित राज को एक विकेट मिला। कैम्ब्रीज ने मुकाबला 26 रन से जीत लिया। शुभम को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर :
बिहार कैम्ब्रीज क्रिकेट एकेडमी : 21 ओवर में 144/9, रोहित राज 10, गौरव अजय कुमार 19, शुभम 47, गौरव कुमार 16, मो. हमदनौल होदा 11, अतिरिक्त 22, अनिमेष 1/28, श्रीओम सिंह 2/30, प्रिंस राज 4/23, अयान सिन्हा 1/21.
एसपीएस क्रिकेट कोचिंग सेंटर : 19.3 ओवर में 118/10, सम्राट 17, रित्विक 55, कुणाल सिंह 12, अतिरिक्त 15, शुभम 2/24, आर्यन 2/14, गौरव 3/16, रोहित राज 1/6.





