बिहारशरीफ। नालंदा के युवा सलामी बल्लेबाज नमन गौरव का चयन बिहार रणजी ट्रॉफी टीम में हुआ है। बीसीसीआई की रणजी ट्रॉफी प्रतियोगिता के आगामी सत्र में नमन बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। बिहार का पहला मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को राजगीर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तर प्रदेश के खिलाफ खेला जाएगा। नमन के चयन से नालंदा जिले और नालंदा जिला क्रिकेट संघ में खुशी का माहौल है।
नमन गौरव बिहारशरीफ प्रखंड के छोटी पहाड़ी निवासी सत्येंद्र प्रसाद और चंद्रवती कुमारी के पुत्र हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनकी गहरी रुचि थी। बिहार और देश के लिए खेलने का सपना लेकर नमन ने महज 10 वर्ष की उम्र में सोगरा हाई स्कूल, बिहारशरीफ स्थित अलीशाह क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण शुरू किया था। इस सफर में उनके बड़े भाई श्वेत गौरव ने उनका लगातार साथ दिया। नमन को पहला क्रिकेट किट राजेश रंजन ने उपलब्ध कराया था।

नमन ने बिहार क्रिकेट संघ की घरेलू प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया, जिसका उन्हें अब बड़ा इनाम मिला है। पिछले वर्ष बिहार अंडर-23 टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपने पदार्पण मुकाबले में ही शानदार दोहरा शतक जड़ दिया था। नागालैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे नमन ने नाबाद 200 रन की पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत के बाद अब उन्हें बिहार की रणजी टीम में जगह मिली है।
नमन के रणजी टीम में चयन को उनके क्रिकेट करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। छोटी पहाड़ी से क्रिकेट का सफर शुरू करने वाले नमन अब बिहार के सबसे प्रतिष्ठित घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में टीम का हिस्सा होंगे। उनके सामने अब राजगीर के मैदान पर उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी पदार्पण करने का मौका होगा।
नमन गौरव के माता-पिता ने उनके चयन पर खुशी जताते हुए नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नमन ने बचपन से ही बिहार और देश के लिए खेलने का सपना देखा है और रणजी टीम में चयन उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नालंदा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष अजय सिंह, सचिव गोपाल सिंह, पूर्व सचिव एसएम जावेद इकबाल, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, मीडिया प्रभारी संतोष पांडेय सहित संजय उर्फ पिंटू दा, अभिलाष, हैदर अली, मनीष, विक्रम सोलंकी, अंकित, दीपक प्रसाद, गौरव, अगस्तया, सिद्धार्थ, रामवर्धन, रियाज खान, परवेज मुस्तफा और सिद्धार्थ बाबा ने नमन गौरव को बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए रणजी क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।





