पटना। सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट के प्री–क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में फिनिक्स टीम बी और वाईसीसी क्रिकेट एकेडमी ने जीत दर्ज कर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। फिनिक्स ने बीपीसीए रेड को 71 रन से हराया, जबकि वाईसीसी ने बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी को चार विकेट से मात दी।
श्रीमंतो के पंजे में फंसी बीपीसीए रेड
बीपीसीए रेड ने टॉस जीतकर फिनिक्स टीम बी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। फिनिक्स ने निर्धारित 21 ओवर में दो विकेट पर 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अमय सहाय ने 52 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 76 रन बनाए। सुमन ने नाबाद 24 और कप्तान विनायक ने 32 रन का योगदान दिया। टीम को 69 रन अतिरिक्त के रूप में मिले। बीपीसीए रेड की ओर से अनमोल राज ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपीसीए रेड की टीम नौ विकेट पर 131 रन ही बना सकी। अनमोल राज ने नाबाद 41 रन बनाए, जबकि अतिरिक्त के रूप में 44 रन मिले। फिनिक्स की ओर से श्रीमंतो ने पांच ओवर में महज 12 रन देकर पांच विकेट चटकाए। अधिराज पांडे, शुभम राज, विनायक और आयुष राज को एक-एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए श्रीमंतो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अंशुमान की धारदार गेंदबाजी, वाईसीसी की जीत
दूसरे मुकाबले में बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 96 रन पर अपने सभी विकेट गंवा दिए। फैज मजहर ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। वाईसीसी की ओर से कप्तान अंशुमान ने पांच ओवर में 16 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि हिमांशु राज ने चार ओवर में 20 रन खर्च कर तीन विकेट हासिल किए।
जवाब में वाईसीसी क्रिकेट एकेडमी ने छह विकेट खोकर 20 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। अनुराग ने 23, कुंदन यादव ने नाबाद 22 और निशित नलीन ने नाबाद 14 रन बनाए। टीम को अतिरिक्त के रूप में 20 रन मिले। बिहार कैम्ब्रिज की ओर से फैज मजहर ने दो विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए अंशुमान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




