पटना। मोइनुल हक स्टेडियम के बाहरी परिसर स्थित सीएबी ग्राउंड पर चल रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दूसरे दिन बीपीसीए रेड ने स्काई क्रिकेट एकेडमी को 10 विकेट से शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मुकाबले में रायल रूल्स ने आशा बाबा क्रिकेट क्लब को 16 रन से हराकर जीत दर्ज की।
बीपीसीए रेड ने 10 विकेट से जीता मैच
सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित टूर्नामेंट में स्काई क्रिकेट एकेडमी ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट के 47 रन की मदद से निर्धारित 21 ओवर में छह विकेट पर 111 रन बनाए। बीपीसीए रेड की ओर से हिमांशु, रित्विक राज, यश राज और वेदांत मन्नू ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में बीपीसीए रेड ने आयुष राज की नाबाद 40 और वेदांत मन्नू की नाबाद 24 रन की पारी के दम पर 18.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 112 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीत लिया। अतिरिक्त के 48 रन भी टीम के स्कोर में अहम रहे। हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
स्काई क्रिकेट एकेडमी: 21 ओवर में 111/6, चंदन 13, विराट 47, प्रकाश कुमार नाबाद 18, अतिरिक्त 24, हिमांशु 1/18, रित्विक राज 1/14, यश राज 1/8, वेदांत मन्नू 1/2.
बीपीसीए रेड: 18.2 ओवर में 112/0, आयुष राज नाबाद 40, वेदांत कुमार मन्नु नाबाद 24, अतिरिक्त 48.

रायल रूल्स ने 16 रन से मारी बाजी
दूसरे मैच में रायल रूल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 21 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन बनाए। अभि आकर्ष ने 24, आदित्य सैनी ने 18, आयुष राज ने 15 और आरजू नवाब खान ने नाबाद 20 रन बनाए। आशा बाबा क्रिकेट क्लब की ओर से शिव आयुष ने तीन और मोहित राज ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आशा बाबा क्रिकेट क्लब की टीम 21 ओवर में पांच विकेट पर 122 रन ही बना सकी। युवराज भट ने नाबाद 42 और अमित कुमार ने 33 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। रायल रूल्स के आरजू नवाब खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
रायल रूल्स : 21 ओवर में 138/9, अभि आकर्ष 24, आयुष राज 15, आदित्य सैनी 18, आरजू नवाब खान नाबाद 20, प्रवीण 11, अतिरिक्त 35, शिव आयुष 3/26, मोहित राज 2/32.
आशा बाबा क्रिकेट क्लब: 21 ओवर में 122/5, युवराज भट नाबाद 42, अमित कुमार 33, शिव आयुष 16, अतिरिक्त 18, मौर्या 2/22, आदित्य राज 2/19.





