पटना, 9 सितंबर 2026। राजधानी पटना के युवा क्रिकेटरों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से अक्टूबर महीने के अंतिम सप्ताह में टर्निंग प्वायंट द्वारा कासा पिकोला ‘भर लो उड़ान क्रिकेट स्कूल लीग’ का आयोजन किया जाएगा। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस लीग में अंडर-12 और अंडर-15 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
यह जानकारी इस लीग की विजेता व उपविजेता टीमों को दी जाने वाली ट्रॉफी के अनावरण समारोह के अवसर पर आयोजकों द्वारा दी गई है। ट्रॉफी का अनावरण अरविंद शर्मा सदस्य बिहार विधान परिषद, श्रीमति प्रीति शेखर,प्रदेश महामंत्री भाजपा,सतीश राजू,संयोजक भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ, बिहार प्लेयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, प्लानेट इंटीरियर एंड कंस्ट्रक्शन प्रा.लि.के निदेशक निर्मल कुमार, निदेशक सुमित कुमार सिंह, कासा पिकोला रेस्टूरेंट के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा, विकास सिंह,अभिराम शर्मा, टर्निंग प्वायंट के निदेशक सह आयोजन अध्यक्ष विजय शर्मा,वरीय क्रिकेटर सौरभ चक्रवर्ती, नवीन विकास विद्यालय के अनिल प्रसाद सिंह, साई शिवम पब्लिक स्कूल के डॉ विमल नारायण आर्य समेत कई गणमान्य व्यक्तित मौजूद थे।
सबों का स्वागत आयोजन सचिव सह सरदार पटेल स्पोट्र्स फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने किया जबकि धन्यवाद व्यक्त फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने किया। कार्यक्रम के दौरान उदीयमान क्रिकेटरों को सम्मानित भी किया गया।

आईपीएल की तर्ज पर होगा आयोजन
टर्निंग प्वाइंट के एमडी विजय शर्मा ने बताया कि लीग को पेशेवर अंदाज में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। आईपीएल की तर्ज पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है जिससे बच्चों को फ्रेंचाइजी आधारित क्रिकेट का अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से बच्चों के तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिलने से उनके भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
दस टीमें खेलेंगी
सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने बताया कि इस लीग में कुल दस टीमें खेलेंगी। अंडर-12आयु वर्ग में 6 जबकि अंडर-15 आयु वर्ग में चार टीमें खेलेंगी। अंडर-12 वर्ग की टीमों के नाम बॉल स्टार्स, अल्फा स्क्वाड,राइजिंग हीरोज, डिफेंडर्स, ब्रेव बटालियन्स, गेम चेंजर्स और अंडर-15 वर्ग की टीमों के नाम टारगेट ट्रैकर्स, गोल गेटर्स, पीक परफॉर्मर्स और लेगेसी लेजेंड्स होंगे।
ग्रैंड फिनाले में पुरस्कारों की होगी बारिश
लीग का ग्रैंड फिनाले रोमांच से भरपूर होने की उम्मीद है। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज जैसे पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा विजेता और उपविजेता टीमों के लिए भी आकर्षक पुरस्कार रखे जाएंगे। आयोजकों का मानना है कि पुरस्कार और प्रतिस्पर्धी माहौल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।
अल्पाहार की भी होगी व्यवस्था
लीग के प्रायोजकों में शामिल प्लानेट इंटीरियर एंड कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. के डायरेक्टर निर्मल कुमार और सुमित कुमार सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए मैदान पर अल्पाहार की व्यवस्था की जायेगी।
स्कूल क्रिकेट को मिलेगा नया मंच
पटना में प्रस्तावित ‘भर लो उड़ान क्रिकेट स्कूल लीग’ को युवा क्रिकेटरों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। स्कूल स्तर पर नियमित रूप से ऐसे मुकाबले होने से खिलाड़ियों को कम उम्र में ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिलेगा।
आयोजकों का लक्ष्य केवल एक टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि पटना और बिहार की अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का मंच देना है। इससे बिहार में स्कूल क्रिकेट को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।




