मुजफ्फरपुर. गायत्री देवी मेमोरियल ट्रस्ट एवं मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में कलमबाग रोड स्थित आदर्श छात्रावास के सभागार में आयोजित गायत्री देवी मेमोरियल ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का खिताब उत्तर प्रदेश के अयांश सिंह ने अपने नाम किया। अयांश ने 6.5 अंक हासिल कर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया।
मोहित कुमार सोनी दूसरे स्थान पर
प्रतियोगिता निदेशक राजीव कुमार रंजन ने बताया कि छपरा के मोहित कुमार सोनी ने भी 6.5 अंक हासिल किये, लेकिन कम बुकोल्ज के आधार पर उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं, छह अंकों के साथ बेगूसराय के अनिकेत रंजन तीसरे स्थान पर रहे।
124 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ के सचिव अभिषेक सोनू ने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 18 जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें 42 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ियों समेत कुल 124 खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

शीर्ष 10 में इन खिलाड़ियों ने बनाई जगह
शीर्ष 10 खिलाड़ियों में चौथे स्थान पर दरभंगा के आर्यन कुमार, पांचवें स्थान पर मधेपुरा के समीर बर्धन, छठे स्थान पर वीर विक्रम, सातवें स्थान पर दरभंगा के मो. अरहान कमर, आठवें स्थान पर मुजफ्फरपुर के नैतिक मिश्रा, नौवें स्थान पर खगड़िया के शुभम कुमार और दसवें स्थान पर बेगूसराय के अभिषेक रंजन रहे।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश संयोजक सतीश कुमार श्रीवास्तव राजू, अंतरराष्ट्रीय मास्टर नीरज कुमार मिश्रा और संघ के उपाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला संघ के संस्थापक सदस्य राजीव कुमार सिन्हा, गायत्री देवी मेमोरियल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी संजय कुमार श्रीवास्तव, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ की सह-संयोजक कंचन कुमारी, कोषाध्यक्ष विकास सिंह एवं डॉ. अभिराम शर्मा शामिल रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंच संचालन अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी अभिषेक सोनू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संघ के उपाध्यक्ष राजीव कुमार रंजन ने किया।




