दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) के तीसरे सीजन का आगाज 31 जुलाई से अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट से पहले आयोजित आधिकारिक प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी आठ फ्रेंचाइजी के कप्तानों ने हिस्सा लिया और नए सीजन के लिए अपनी तैयारियों व लक्ष्यों को साझा किया।
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) की ओर से आयोजित यह टी20 लीग 30 अगस्त तक चलेगी। एक महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में दिल्ली के कई उभरते और अनुभवी क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। हाल ही में हुए प्लेयर ऑक्शन के बाद सभी फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों को अंतिम रूप दे दिया है।
अनुज रावत बोले- कप्तानी करना सम्मान की बात
‘पुरानी दिल्ली 6’ के नए कप्तान अनुज रावत ने कहा कि टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। उन्होंने कहा कि घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का अलग ही उत्साह है और टीम हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहती है।
आयुष बडोनी ने मजबूत शुरुआत पर दिया जोर
‘साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स’ के कप्तान आयुष बडोनी ने कहा कि इस बार सभी टीमें मजबूत हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी टीम अच्छी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करेगी।
मयंक रावत बोले- टीम चुनौती के लिए तैयार
‘ईस्ट दिल्ली राइडर्स’ के कप्तान मयंक रावत ने कहा कि टीम में जबरदस्त उत्साह है और सभी खिलाड़ी दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों के खिलाफ खेलने को लेकर उत्साहित हैं।
चैंपियन टीम का लक्ष्य खिताब बचाना
गत विजेता ‘वेस्ट दिल्ली लायंस’ की ओर से उपकप्तान आयुष डोसेजा ने कहा कि पिछले सीजन की सफलता से आत्मविश्वास जरूर बढ़ा है, लेकिन इस बार हर टीम और मजबूत होकर आई है। ऐसे में खिताब बचाना आसान नहीं होगा।
सिद्धांत शर्मा ने जताया भरोसा
‘आउटर दिल्ली वॉरियर्स’ के कप्तान सिद्धांत शर्मा ने कहा कि ऑक्शन के बाद से टीम का माहौल शानदार है और सभी खिलाड़ी योगदान देने के लिए तैयार हैं।
यश धुल बोले- निडर क्रिकेट खेलेंगे
‘सेंट्रल दिल्ली किंग्स’ के कप्तान यश धुल ने कहा कि डीपीएल युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच देता है। उनकी टीम पूरे टूर्नामेंट में निडर और आक्रामक क्रिकेट खेलने के इरादे से उतरेगी।
सार्थक रंजन ने बताया लीग का बढ़ता स्तर
‘नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स’ के कप्तान सार्थक रंजन ने कहा कि हर सीजन के साथ प्रतियोगिता का स्तर बेहतर हो रहा है और उनकी टीम अनुशासित क्रिकेट खेलने पर ध्यान दे रही है।
हिम्मत सिंह ने फैंस से किया बड़ा वादा
‘नई दिल्ली टाइगर्स’ के कप्तान हिम्मत सिंह ने कहा कि डीपीएल देश की प्रमुख घरेलू टी20 लीगों में शामिल हो चुकी है। सभी टीमें संतुलित हैं और दर्शकों को पूरे टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।





