पावापुरी (नालंदा): बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी (मगध जोन) में नालंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शेखपुरा को 121 रनों से हराकर टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की, वहीं शेखपुरा को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नालंदा की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 313 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान आरव रॉय ने शानदार 80 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अयान अरमान ने 72 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
इसके अलावा राजगुरु ने 55 रन, सौरभ ने 47 रन, लक्ष्य प्रकाश ने 11 और अंकित सौरभ ने 10 रन का योगदान दिया। शेखपुरा की ओर से गेंदबाजी में आशीष ने 51 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि सचिन ने 53 रन पर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा आरव और आशीष कुमार को एक-एक सफलता मिली।

314 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेखपुरा की टीम 41.1 ओवर में 192 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से आरव कुमार ने 55 रन, मोहम्मद फैज़ान ने 34 रन और सुधांशु ने 32 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। नालंदा की ओर से गेंदबाजी में विनीत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 35 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। उनके अलावा नीरज यादव ने 32 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अरुणेश वर्मा और दिवाकर कुमार को 1-1 विकेट मिला।इस शानदार जीत के हीरो रहे विनीत कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अब टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 6 अप्रैल को नवादा और गया के बीच खेला जाएगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।






