KRIDA NEWS

DLCL क्रिकेट ट्रायल 9 दिसंबर को पटना में, बिहार के खिलाड़ियों को मिलेगा सुनहरा अवसर

DLCL

पटना, 2 दिसंबर 2025: बिहार के उभरते क्रिकेटरों के लिए बड़ा मौका एक बार फिर सामने है। डीएलसीएल (DLCL) के तत्वावधान में अंडर-12, 14, 16 एवं 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए होने वाले ऑल इंडिया नेशनल क्रिकेट लीग के ट्रायल का आयोजन 9 दिसंबर 2025 को दानापुर, पटना स्थित अंशुल क्रिकेट अकादमी में किया जाएगा।

पिछले 15 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यह प्रतिष्ठित लीग देश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करती है। इस लीग में चयनित खिलाड़ियों को 3 टी-20, 2 वनडे और 1 टेस्ट मैच खेलने का सुनहरा अवसर मिलता है, जो उन्हें बड़े प्लेटफॉर्म के लिए तैयार करता है।

DLCL में देशभर की प्रतिभाओं के बीच खेलने का मिलेगा मौका

डीएलसीएल के संस्थापक गणेश दत्त ने जानकारी देते हुए कहा कि इस लीग में हर साल देशभर के खिलाड़ी भाग लेते हैं। सभी मैच टर्फ विकेट पर आयोजित किए जाते हैं और दर्शकों के लिए इनका लाइव प्रसारण भी उपलब्ध रहता है। उन्होंने बताया कि बिहार के खिलाड़ियों में बेहतरीन प्रतिभा है। इस लीग से जुड़कर कई खिलाड़ी न सिर्फ अपना खेल निखार चुके हैं, बल्कि आगे चलकर स्टेट लेवल तक भी पहुंचे हैं।

इस लीग से खिलाड़ियों में बढ़ेगा आत्मविश्वास

गणेश दत्त ने कहा कि इस लीग में खेलने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और इसका सकारात्मक प्रभाव बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर-डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में भी देखने को मिलता है। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव युवा खिलाड़ियों के खेल और मानसिक मजबूती दोनों को मजबूत करता है। लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को डीएलसीएल द्वारा स्पॉन्सरशिप भी प्रदान की जाती है। अधिक जानकारी के लिए 9718753188 पर संपर्क कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए www.dlcl.in विजिट करें।

Read More

कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-12: मगध तूफांस और आईआईटी पैंथर्स ने जीता अपना मुकाबला

पटना: श्रीकृष्ण खेल मैदान, खेमनीचक में चल रहे कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-12 के चौथे दिन आईआईटी पैंथर्स ने सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स पर 90 रन से जीत दर्ज की। वहीं दूसरा मुकाबला 24 रन से मगध तूफांस ने अपने नाम किया।

आईआईटी पैंथर्स ने दर्ज की जीत

गुरुवार को दिन का पहला मैच में आईआईटी पैंथर्स बनाम सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पैंथर्स ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पैंथर्स ने आयुष के शानदार 108 रन, कप्तान आरव चंद्रा के 38 व सिद्धार्थ गौतम के 25 रन की मदद से निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 217 रन बनाए। आयुष ने 61 गेंदों में 19 चौके व एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया।

जवाब में खेलने उतरी सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स के बल्लेबाज पैंथर्स के गेंदों का सामना नहीं कर सके। पूरी टीम निर्धारित ओवर में 127 रन पर आलआउट हो गई। एवेंजर्स के लिए उत्कर्ष आनंद ने 38 व आदित्य कुमार केशरी ने 26 रन बनाए। मैच समाप्ति उपरांत शतकवीर आयुष को जीएसटी कमिश्नर शशि शेखर ने प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

संक्षिप्त स्कोर:
आईआईटी पैंथर्स : 20 ओवर में पांच विकेट पर 217 रन, आरव 38, आयुष 108, सिद्धार्थ गौतम 25, अतिरिक्त 30, रेयांश केशरी 1/31, हार्दिक कुमार 1/10।

सुमित एंड शर्मा स्पोटर्स एवेंजर्स: 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन, आदित्य केशरी 26, उत्कर्ष आनंद 38, आयुष सिंह 12, अतिरिक्त 20, शुभम आर्या 1/14, आदित्य कुमार 2/19, शशांक शेखर 1/19, सत्यम साह 1/23, आदित्य आर्यन 1/4, साहिल राय 2/16।

मगध तूफांस जीता

दिन का दूसरा मैच मगध तूफांस बनाम न्यूटन विक्टर्स के बीच खेला गया। न्यूटन ने टॉस जीतकर मगध को बल्लेबाजी के लिए निमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तूफांस ने निर्धारित 20 ओवर में आयुष्मान जैन के नाबाद 72 व अनुराग कुमार यादव के नाबाद 65 रन की मदद से 1 विकेट पर 166 रन बनाए। जवाब में न्यूटन विक्टर्स निर्धारित ओवर में सात विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी। विजेता टीम के आयुष्मान को रॉबिन सिंह ने मैन आफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

संक्षिप्त स्कोर
मगध तूफांस: 20 ओवर में एक विकेट पर 166 रन, आयुष्मान जैन नाबाद 72, अनुराग कुमार यादव नाबाद 65, अतिरिक्त 29।
न्यूटन विक्टर्स: 20 ओवर में 7 विकेट पर 142 रन, आशीष कुमार 29, आशुतोष नाबाद 22, पुण्य प्रसून नाबाद 23, अतिरिक्त 47, रुद्र नारायण 2/21, आयुष कुमार 1/11, अभिषेक 1/17, लक्ष्य रंजन 1/13, आनंद कुमार 1/14।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में शशीम राठौर का हरफनमौला प्रदर्शन से पेसू की शानदार जीत

पटना, 25 मार्च: पटना जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मैच में पेसू ने सिटी स्टूडेंट क्लब को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पेसू की ओर से शशीम राठौर (70) और पंकज कुमार (55) और सिटी स्टूडेंट क्लब की ओर से बलजीत सिंह बिहारी (76) ने अर्धशतक जमाया। शशीम राठौर (70 रन, 2 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

स्थानीय उर्जा स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम 40 ओवर में 203 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से बलजीत सिंह बिहारी ने 76 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राज आर्यन (24) और आदित्य प्रकाश (18) ने योगदान दिया। पेसू की गेंदबाजी में राजेश कुमार सिन्हा ने 3 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जबकि शशीम राठौर और अभिजीत साकेत ने 2-2 विकेट झटके।

पेसू की धमाकेदार बल्लेबाजी, 27 ओवर में लक्ष्य हासिल

204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पेसू ने आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 27 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शशीम राठौर ने 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पंकज कुमार ने 55 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बाबुल कुमार ने 32 रन का योगदान दिया।

संक्षिप्त स्कोर

सिटी स्टूडेंट क्लब: 203/10 (40 ओवर), बलजीत सिंह बिहारी 76, राज आर्यन 24, आदित्य प्रकाश 18, सुधांशु रंजन 15, रजनीकांत 14, अतिरिक्त 39। राजेश कुमार सिन्हा 3/24, शशीम राठौर 2/28, अभिजीत साकेत 2/34, हर्ष राज 1/25, निखिलेश रंजन 1/32.

पेसू : 204/4 (27 ओवर), शशीम राठौर 70, पंकज कुमार 55, बाबुल कुमार 32, प्रियांशु नाबाद 19, रजत कुमार आर्यन 18, सुंधाशु रंजन 1/51, आदित्य प्रकाश 1/44, चंद्र मोहन यादव 2/30

Read More

धनबाद के कोनैन कुरैशी को बीसीसीआई हाई परफॉर्मेंस कैंप का बुलावा, झारखंड से एकमात्र खिलाड़ी चयनित

धनबाद: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के लिए गर्व की बात है कि धनबाद के उभरते क्रिकेटर कोनैन कुरैशी को बीसीसीआई के इमर्जिंग अंडर-23 हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए आमंत्रित किया गया है। यह कैंप बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होगा, जहां उन्हें 12 अप्रैल को रिपोर्ट करना है और वे 7 मई तक इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा रहेंगे।

इस संबंध में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख और पूर्व भारतीय दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) को पत्र लिखकर औपचारिक सूचना दी है। खास बात यह है कि कोनैन कुरैशी झारखंड से इस कैंप के लिए चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो उनकी प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। यह हाई परफॉर्मेंस कैंप देश के चुनिंदा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और मार्गदर्शन प्रदान करता है, जिससे वे भविष्य में भारतीय टीम के लिए तैयार हो सकें।

कोनैन कुरैशी के चयन पर धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार, महासचिव बिनय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव बाल शंकर झा, बीएच खान, धर्मेंद्र कुमार, अभिजीत घोष और जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास सहित कई खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। सभी ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कैंप में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

कोनैन का यह चयन न सिर्फ धनबाद बल्कि पूरे झारखंड क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और आने वाले समय में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

Read More

बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज का भव्य आगाज, शीर्ष वरीय खिलाड़ियों ने दिखाई ताकत

पटना: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग (बिहार सरकार) एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ मंगलवार को कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में हुआ। सुबह 10 बजे से शुरू हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश-विदेश के खिलाड़ियों की शानदार भागीदारी देखने को मिली।

इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार देशों और 18 राज्यों के कुल 617 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि इसमें एक ग्रैंडमास्टर, एक इंटरनेशनल मास्टर और तीन फिडे मास्टर (FM) भी भाग ले रहे हैं, जिससे मुकाबले का स्तर बेहद ऊंचा हो गया है।

दूसरे चक्र में दिग्गजों का दबदबा

प्रतियोगिता के दूसरे चक्र में शीर्ष वरीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबले आसानी से जीत लिए। शीर्ष बोर्ड पर रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने बंगाल की रियाना खातून को फ्रेंच डिफेंस में 42 चालों में हराया। वहीं दूसरे बोर्ड पर बिहार के उभरते सितारे रेयान मोहम्मद ने जुकर्टोर्ट ओपनिंग में शानदार खेल दिखाते हुए कार्तिकेय नंदन को महज 25 चालों में पराजित किया।तीसरे बोर्ड पर अलेख्य मुखोपाध्याय ने इंग्लिश ओपनिंग में वैभव मिश्रा को 21 चालों में शिकस्त दी।

उद्घाटन समारोह में दिग्गजों की मौजूदगी

प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय ग्रैंडमास्टर और शतरंज ओलंपियाड स्वर्ण पदक विजेता टीम के कप्तान रहे नारायण श्रीनाथ ने रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव के साथ प्रतीकात्मक बाजी खेलकर किया। इस मौके पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के उप निदेशक हिमांशु सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

अपने संबोधन में नारायण श्रीनाथ ने बिहार सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि रेयान मोहम्मद, मरियम फातिमा और देवांश केशरी जैसे युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और आने वाले समय में बिहार शतरंज में बड़ी ताकत बन सकता है। उद्घाटन समारोह में अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना, एथलेटिक्स संघ के सचिव लियाकत अली, सिक्किम शतरंज संघ के सचिव महेंद्र ढकाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पहले दिन के परिणाम

प्रतियोगिता के पहले दिन दो चक्रों के बाद सभी शीर्ष वरीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। दूसरे चक्र के प्रमुख परिणामों में पीटर क्रियाकोव, रेयान मोहम्मद, अलेख्य मुखोपाध्याय, इंद्रजीत मानिंद्रकर, अभ्रोज्योति नाथ, रुपेश जायसवाल, प्रखर त्रिपाठी, कुमार गौरव, सुधांशु रंजन, परमब्रता सरकार और सुमन कुमार सिंह ने जीत दर्ज की। इस तरह प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिससे आने वाले राउंड और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.