पटना: सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में वरुण की घातक गेंदबाजी के दम पर टर्फ एरिना ए ने लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट को 60 रन से हरा दिया। वरुण ने पांच ओवर में महज पांच रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी धारदार गेंदबाजी के सामने लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट की पूरी टीम 64 रन पर सिमट गई। शानदार प्रदर्शन के लिए वरुण को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट ने टर्फ एरिना ए को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टर्फ एरिना ए ने निर्धारित 21 ओवर में आठ विकेट पर 124 रन बनाए। सम्राट सिंह ने 22, शिवम ने 17 और रोहित यादव ने नाबाद 16 रन का योगदान दिया। सुजल कुमार ने 10 रन बनाए। लर्निंग स्कूल की ओर से अनुराग शेखर ने चार विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट की टीम वरुण की गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई। पूरी टीम 17.2 ओवर में 64 रन बनाकर आउट हो गई। विशेष कुमार ने 10, अभिनव ने नौ और रेयांश केशरी ने आठ रन बनाए। वरुण के अलावा शौर्य ने दो विकेट लिए।
संक्षिप्त स्कोर
टर्फ एरिना ए: 21 ओवर में 124/8, सम्राट सिंह 22, शिवम 17, रोहित यादव नाबाद 16, सुजल कुमार 10, अतिरिक्त 43, अनुराग शेखर 4/25, हरि ओम 1/28, हरिओम जी 1/21.
लर्निंग स्कूल आफ क्रिकेट’ 17.2 ओवर में 64/10, विशेष कुमार 10, अभिनव 9, रेयांश केशरी 8, अतिरिक्त 26, क्षितिज 2/3, सुजल 1/14, वरुण 5/5, शौर्य 2/1.





