पटना, 1 अक्टूबर। राजधानी पटना के उभरते हुए क्रिकेटरों के लिए विमला देवी मेमोरियल अंडर-13 इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन अब 6 अक्टूबर से क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) के मैदान पर किया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्देश्य स्कूल स्तर के युवा क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर देना है।
टूर्नामेंट की घोषणा सीएबी के निदेशक अमिकर दयाल और वार्ड पार्षद इंद्रदीप चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से की। प्रतियोगिता का आयोजन सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट वार्ड पार्षद इंद्रदीप चंद्रवंशी की दिवंगत माता विमला देवी की स्मृति को समर्पित है। स्वर्गीय विमला देवी अपने सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती थीं।

प्रतियोगिता में सभी मुकाबले 21-21 ओवर के होंगे। इसमें भाग लेने वाली प्रत्येक टीम के लिए खिलाड़ियों के आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करना अनिवार्य होगा।
टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता के अंत में बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और उभरते हुए खिलाड़ी को भी विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
टूर्नामेंट की तैयारियां सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी की देखरेख में चल रही हैं। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9386962380 पर संपर्क किया जा सकता है।





