पटना. बिहार के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच मिलने जा रहा है। एसपीएस स्पोर्ट्स फाउंडेशन और समेरा कैंसर हॉस्पिटल के सहयोग से PIR Pandey Vatika इंटर-डिविजनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट के मुख्य मुकाबले पटना के राजवंशी नगर स्थित ऊर्जा स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत नवंबर के अंतिम सप्ताह में अंडर-16 वर्ग से होगी। इसके बाद अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
टूर्नामेंट के अंडर-16 चरण में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनके अलावा एक PIR XI टीम भी प्रतियोगिता में शामिल होगी। इस तरह कुल 10 टीमें मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट प्रारूप में खेली जाएगी और सभी मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे। आयोजन का उद्देश्य बिहार के अलग-अलग जिलों में मौजूद युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को एक राज्यस्तरीय मंच उपलब्ध कराना है।

नौ प्रमंडलों में होगा ओपन ट्रायल
टीमों के गठन के लिए बिहार के सभी नौ प्रमंडलों में ओपन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार चयन पूरी तरह पारदर्शी और खिलाड़ियों की योग्यता के आधार पर होगा। स्थानीय खिलाड़ी ट्रायल कैंप में हिस्सा लेकर अपने प्रदर्शन के दम पर प्रमंडलीय टीम में जगह बना सकेंगे। ट्रायल की विस्तृत तिथि, समय और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी आधिकारिक पोर्टल और जिला खेल संघों के माध्यम से जारी की जाएगी।
पटना, तिरहुत, सारण, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर और मगध प्रमंडल की टीमें प्रतियोगिता में उतरेंगी। PIR XI में चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। प्रतियोगिता के अगले चरणों में अंडर-19 फरवरी 2027, अंडर-23 अप्रैल 2027 और सीनियर वर्ग मई 2027 में आयोजित किया जाएगा।
विजेता को एक लाख, उपविजेता को 50 हजार
प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण के विजेता और उपविजेता को पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को कई व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा।
मैदान पर उपलब्ध रहेगी स्वास्थ्य सुविधा
खिलाड़ियों की फिटनेस, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था भी मैदान पर उपलब्ध रहेगी। आयोजकों का कहना है कि ऊर्जा स्टेडियम जैसे स्तरीय मैदान पर मुकाबले कराने का उद्देश्य खिलाड़ियों को पेशेवर क्रिकेट का माहौल उपलब्ध कराना है। आयोजन समिति के अनुसार बिहार के दूर-दराज के जिलों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के लिए तैयार करना इस प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजन समिति में चेयरमैन राजेश पांडेय (राजू पांडेय), अध्यक्ष डॉ वीपी सिंह, सचिव पंकज मिश्रा, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शुक्ला, रितेश रंजन, राहुल देव, राजीव रोशन सहित तकनीकी सहयोगी इमरान कुमार और निखिल सिंह शामिल हैं।





