पटना। सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को कृष एससीए एकादश और करुणा किंग्स ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में कृष एससीए एकादश ने बीपीसीए ब्लू को 87 रन से हराया, जबकि दूसरे मैच में करुणा किंग्स ने टर्फ अरीना ब्लू को 59 रन से शिकस्त दी। दोनों मुकाबलों में विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया।
आदित्य की गेंदबाजी से 67 रन पर सिमटी बीपीसीए ब्लू
सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में खेले जा रहे मैच में शुक्रवार को पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी कृष एससीए एकादश ने 21 ओवर में नौ विकेट पर 154 रन बनाए। कप्तान अवनिश अरविंद ने 25 रन की पारी खेली, जबकि हर्ष और आदित्य सिंह ने 19-19, चिराग झा ने 15 और प्रत्यक्ष राज ने 13 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 55 रन मिले। बीपीसीए ब्लू की ओर से नीलू निहारिका और अक्षय आनंद ने तीन-तीन विकेट झटके।

155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपीसीए ब्लू की टीम कृष के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 16.3 ओवर में 67 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। कृष की ओर से आदित्य सिंह ने 9 रन देकर तीन विकेट लिए। आशु ने दो, जबकि बलजीत और हेमराज ने एक-एक विकेट हासिल किया। कप्तान अवनिश अरविंद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतीक की कप्तानी पारी, दिव्यांश ने झटके तीन विकेट
दिन के दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का टर्फ अरीना ब्लू का फैसला उलटा पड़ गया। करुणा किंग्स ने निर्धारित 21 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बनाए। कप्तान प्रतीक शर्मा ने 32 रन की अहम पारी खेली। आरव ने 17, दिव्यांश ने 10 रन बनाए, जबकि आरोही गिरी 13 और दीपक 12 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम को अतिरिक्त के रूप में 61 रन मिले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टर्फ अरीना ब्लू की टीम 14.2 ओवर में 91 रन पर ऑलआउट हो गई। दिव्यम ने 16 और सत्यम ने 19 रन बनाए, जबकि अतिरिक्त के रूप में 31 रन मिले। करुणा किंग्स की ओर से दिव्यांश ने तीन विकेट चटकाए। कप्तान प्रतीक शर्मा और अभिषेक को दो-दो विकेट मिले, जबकि अर्णव और सिद्धांत ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। दिव्यांश को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।





