PATNA (17 OCT): सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार के श्रेष्ठ सुमन ने गेंद से कहर बरपाया। श्रेष्ठ ने पांच ओवर में 20 रन देकर छह विकेट चटकाए, जिससे गोल क्रिकेट एकेडमी की टीम महज 69 रन पर सिमट गई।
इसके बाद क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार ने बिना कोई विकेट गंवाए 6.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। श्रेष्ठ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिन के दूसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोल क्रिकेट एकेडमी की टीम 14 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रेष्ठ ने छह विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। राहुल ने भी तीन विकेट हासिल किए, जबकि लक्ष्य को एक सफलता मिली। जवाब में क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार ने 72 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आर्यन सिन्हा 22 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि श्रेष्ठ सुमन ने नौ गेंदों में दो चौकों की मदद से नाबाद नौ रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में मिले 41 रन भी टीम की जीत में अहम रहे।
संक्षिप्त स्कोर
श्रीराम खेल मैदान: 21 ओवर में 7 विकेट पर 101 रन (विशेष शिवा 18, सक्षम विश्वनाथ 13, आरव राज 12, गोविंद पांडे नाबाद 8, अतिरिक्त 38; नमन 3/23, शिवम 1/27, सत्यम 1/14).
टर्फ एरिना सी: 21 ओवर में 8 विकेट पर 98 रन (विकास कुमार 43, अतिरिक्त 33; गोविंद पांडे 2/17, रेयांश केशरी 2/14, हरिओम 1/22, पृथ्वी 1/10).
श्रीराम खेल मैदान की तीन रन से जीत
दिन के पहले मुकाबले में श्रीराम खेल मैदान ने टर्फ एरिना सी को तीन रन से हराया। टॉस जीतकर टर्फ एरिना ने पहले गेंदबाजी चुनी। श्रीराम खेल मैदान ने 21 ओवर में सात विकेट पर 101 रन बनाए। विशेष शिवा ने 18, सक्षम विश्वनाथ ने 13 और आरव राज ने 12 रन का योगदान दिया। जवाब में टर्फ एरिना सी की टीम निर्धारित 21 ओवर में आठ विकेट पर 98 रन ही बना सकी। विकास कुमार ने 43 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। श्रीराम की ओर से गोविंद पांडे और रेयांश केशरी ने दो-दो विकेट लिए। गोविंद पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
गोल क्रिकेट एकेडमी: 14 ओवर में 69 रन (शिवम 19, जैद खान 9, अतिरिक्त 34; श्रेष्ठ सुमन 6/20, राहुल 3/3, लक्ष्य 1/3).
क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार: 6.4 ओवर में बिना विकेट खोए 72 रन (आर्यन सिन्हा नाबाद 22, श्रेष्ठ सुमन नाबाद 9, अतिरिक्त 41).





