हैदराबाद, तेलंगाना। 33वीं बालक एवं 26वीं बालिका सब-जूनियर राष्ट्रीय आट्या-पाट्या चैंपियनशिप 2026-27 में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। बिहार के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से टीम में उत्साह का माहौल है।
बालक वर्ग में बिहार को पूल-D में पुडुचेरी, दिल्ली और मध्य प्रदेश के साथ रखा गया था। लीग मुकाबले में बिहार का पहला मैच मध्य प्रदेश के विरुद्ध हुआ, जिसमें बिहार ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को 53 अंकों के अंतर से पराजित किया।

इसके बाद बिहार का मुकाबला पुडुचेरी से हुआ, जिसमें टीम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं दिल्ली के विरुद्ध बिहार ने दमदार वापसी करते हुए 10 अंकों से जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन के आधार पर बिहार ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं बालिका वर्ग में भी बिहार की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बिहार को पूल-D में आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ के साथ रखा गया था। बिहार ने अपने पहले मुकाबले में आंध्र प्रदेश को 23 अंकों से हराकर शानदार शुरुआत की।
इसके बाद पुडुचेरी के विरुद्ध बिहार को हार का सामना करना पड़ा, जबकि छत्तीसगढ़ के खिलाफ बिहार की बालिकाओं ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 13 अंकों से जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन के साथ बिहार की बालिका टीम ने भी क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
बिहार के मुख्य कोच आरुष कुमार आजाद ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टीम ने अब तक अच्छे खेल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि *बालक और बालिका दोनों वर्गों में बिहार के क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे* , जिसमें खिलाड़ी पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेंगे।
इसी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव तरुण कुमार आजाद को भी सम्मानित किया गया। उनके सम्मानित होने पर बिहार आट्या-पाट्या परिवार में खुशी का माहौल है।
बिहार की दोनों टीमों के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से राज्य के खेलप्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है। खिलाड़ियों से आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।




