मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ एवं ऑल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में चंद्रविला में आयोजित बिहार स्टेट फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप के तीसरे दिन चौथे चक्र में कई रोमांचक मुकाबले और बड़े उलटफेर देखने को मिले। चौथे चक्र के बाद छह खिलाड़ी चार–चार अंक लेकर संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। प्रतियोगिता में कुल नौ चक्र खेले जाने हैं, जिसमें अभी पांच चक्र बाकी हैं।
चौथे चक्र का सबसे बड़ा उलटफेर छठे बोर्ड पर देखने को मिला। मुजफ्फरपुर के युवा खिलाड़ी प्रणीत सिन्हा ने वर्तमान राज्य चैंपियन पटना के विजय कुमार को हराकर सबको चौंका दिया। प्रणीत ने अपने से करीब 140 रेटिंग अंक अधिक वाले विजय के खिलाफ शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ प्रणीत ने खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

प्रथम बोर्ड पर पटना के विपुल सुभाषी और रुपेश बी. रामचंद्रन के बीच करीब 80 चालों तक मैराथन मुकाबला चला। शुरुआत में रुपेश ने मजबूत स्थिति बनाई, लेकिन 47वीं चाल में घोड़े की गलत चाल का विपुल ने फायदा उठाया। इसके बाद विपुल ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दूसरे बोर्ड पर भागलपुर के शुभम कुमार और बेगूसराय के किशन कुमार के बीच करीब 65 चालों तक संघर्ष चला। लंबे चले मुकाबले में किशन कुमार ने बाजी अपने नाम की। तीसरे बोर्ड पर विवेक शर्मा और मोहम्मद तबसीर आलम के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
चौथे बोर्ड पर कॉमनवेल्थ गोल्ड चैंपियन पटना के देवांश केसरी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने से करीब 150 रेटिंग अंक अधिक वाले पियूष कुमार को हराकर बड़ा उलटफेर किया। देवांश की इस जीत ने उन्हें चार अंकों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों की सूची में पहुंचा दिया।
छह खिलाड़ी चार अंकों के साथ शीर्ष पर
चार चक्रों की समाप्ति के बाद देवांश केसरी, किशन कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा, भूपनाथ, विपुल सुभाषी और प्रणीत सिन्हा के चार-चार अंक हैं। टाई-ब्रेक के आधार पर देवांश केसरी पहले, किशन कुमार दूसरे और सुधीर कुमार सिन्हा तीसरे स्थान पर हैं।
शीर्ष 10 खिलाड़ियों में 3.5 अंक के साथ विवेक शर्मा, मोहम्मद तबसीर आलम और प्रशांत कुमार सिन्हा शामिल हैं। वहीं राज्य चैंपियन विजय कुमार के खाते में तीन अंक हैं।
पांच चक्र अभी बाकी
प्रतियोगिता में कुल नौ चक्रों की बाजियां खेली जानी हैं। चार चक्र पूरे होने के बाद अब पांच चक्र बाकी हैं। ऐसे में खिताब की दौड़ अभी पूरी तरह खुली हुई है। आने वाले मुकाबलों में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच होने वाले मैच काफी महत्वपूर्ण होंगे। नौवें और अंतिम चक्र के बाद ही बिहार के नए राज्य चैंपियन का फैसला होगा।





