पटना। सीएबी ग्राउंड पर खेले जा रहे द्वितीय विमला देवी मेमोरियल इंटर स्कूल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में फिनिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैप्पी हाईस्कूल को 78 रन से हरा दिया। फिनिक्स की जीत में अमय सहाय के अर्धशतक और कप्तान विनायक की उपयोगी पारी की अहम भूमिका रही। अमय सहाय को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिनिक्स टीम बी ने निर्धारित 21 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाए। ओपनर और कप्तान विनायक ने 41 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। वहीं, अमय सहाय ने 53 गेंदों में आठ चौके जड़ते हुए 52 रन की पारी खेली। आयुष राज ने 12 रन का योगदान दिया। टीम के खाते में अतिरिक्त के रूप में 45 रन जुड़े।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैप्पी हाईस्कूल की टीम 20.1 ओवर में 85 रन पर ऑलआउट हो गई। अमोल दिवाकर ने 18 रन बनाए, जबकि अतिरिक्त के रूप में 41 रन मिले। फिनिक्स की ओर से विराज सिंह, आयुष पाल और शुभम राज ने दो-दो विकेट चटकाए। अमय सहाय और विनायक को भी एक-एक विकेट मिला।
संक्षिप्त स्कोर
फिनिक्स टीम : 21 ओवर में 163/3 (विनायक 45, अमय सहाय 52, आयुष राज 12, अतिरिक्त 45), अद्यांश पांडे 1/34, आरव राज 1/36.
हैप्पी हाईस्कूल: 20.1 ओवर में 85 रन पर ऑलआउट (अमोल दिवाकर 18, अतिरिक्त 41), विराज सिंह 2/19, आयुष पाल 2/22, शुभम राज 2/12, अमय सहाय 1/6, विनायक 1/4.





