September 12, 2026
No Comments
पटना, 12 सितंबर, 2026। अमरजीत कुमार (6 विकेट) की घातक गेंदबाजी और अश्वनी कुमार (61 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर सिविल ऑडिट ने पटना जिला जूनियर डिवीजन लीग 2026-27 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में सिविल ऑडिट ने मालसलामी क्रिकेट क्लब को 106 रन से हराया।
विजेता व उपविजेता दोनों टीमों ने अगले सत्र में सीनियर डिवीजन लीग खेलने की अर्हता हासिल की। मैच का उद्घाटन पटना जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष रहबर आबदीन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया और कहा कि आप सभी केवल अपने खेल पर ध्यान दें,बाकी की चिंता संघ करेगी।
स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी के ग्राउंड पर खेले गए मैच में मालसलामी सीसी ने टॉस जीता और पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। सिविल ऑडिट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाए। जवाब में मलसलामी क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 56 रन पर सिमट गई।

अश्वनी कुमार ने मचाई धूम
टॉस जीतकर मालसलामी क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सिविल ऑडिट की शुरुआत अच्छी नहीं रही और हिमांशु राज महज एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अश्वनी कुमार ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अश्वनी ने महज 34 गेंदों पर 61 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
उनके अलावा दीवान रेहान खान ने 24 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल थे। अमित कुमार ने 19 गेंदों पर 18 रन का योगदान दिया। बाद के बल्लेबाजों ने भी उपयोगी रन जोड़े और सिविल ऑडिट ने निर्धारित 20 ओवर में 162 रन का स्कोर खड़ा किया।
सिविल ऑडिट की पारी में कुल 15 अतिरिक्त रन मिले। मालसलामी की ओर से दिलखुश सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए। हर्ष राज ने दो विकेट हासिल किए जबकि अमृत राज, यश राज और अयान को एक-एक विकेट मिला।

163 रन के लक्ष्य के सामने मालसलामी की बल्लेबाजी ढही
163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालसलामी क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। सलीम सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान यश राज ने 18 गेंदों पर 17 रन बनाकर कुछ प्रतिरोध दिखाया लेकिन उनके आउट होते ही टीम की पारी लगातार दबाव में आती चली गई।
इसके बाद मालसलामी के बल्लेबाज सिविल ऑडिट के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए। नमन राज ने 14 गेंदों पर केवल दो रन बनाए, जबकि हर्ष राज और आदित्य पांडे खाता भी नहीं खोल सके। विकेटकीपर बल्लेबाज अक्षत शौर्य ने 19 गेंदों पर चार रन बनाए।
हर्षित शर्मा ने 30 गेंदों पर आठ रन बनाए। अयान ने 13 गेंदों पर पांच रन का योगदान दिया। पूरी टीम 18.3 ओवर में 56 रन पर ऑलआउट हो गई। मालसलामी की पारी में 19 अतिरिक्त रन भी शामिल रहे।
अमरजीत कुमार ने बरपाया कहर
सिविल ऑडिट की जीत के सबसे बड़े नायक अमरजीत कुमार रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 7 रन देकर छह विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी किया।
अर्जुन राणा ने भी चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लिए। दीवान रेहान खान और सन्नी को एक-एक सफलता मिली। विजेता टीम के अमरजीत कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। खिलाड़ियों को पूर्व रणजी प्लेयर निखिलेश रंजन और सिग्मा स्पोट्र्स के उज्ज्वल सिंह ने पुरस्कृत किया। सबों का स्वागत लीग आयोजन समिति के चेयरमैन धनंजय कुमार ने किया। धन्यवाद व्यक्त सदस्य डॉ मुकेश कुमार सिंह ने किया।
संक्षिप्त स्कोर
सिविल ऑडिट : 20 ओवर में 162 रन पर ऑल आउट, अश्वनी कुमार 61,सन्नी 11, अमित कुमार 18, दीवान रेहान खान 33,अतिरिक्त 15, दिलखुश 3/25, अमृत राज 1/24, यश राज 1/35, अयान 1/41, हर्ष राज 2/26
मालसलामी सीसी : 18.3 ओवर में 56 रन पर ऑल आउट, यश राज 17, अतिरिक्त 19, दीवान रेहान खान 1/21, अमरजीत कुमार 6/7, अर्जुन राणा 2/9, सन्नी 1/0