पटना। DIPL Pink Ball T20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह में क्रिकेट जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे। इस अवसर पर DIPL के ओनर रवि कुमार, इवॉल्व एक्सवीयर्स के ओनर एवं टूर्नामेंट के को-पार्टनर रोहित पांडे, रणजी खिलाड़ी हिमांशु हरी, इंटरनेशनल कमेंटेटर सुरेश मिश्रा, अभिनव क्रिकेट एकेडमी के ओनर अखिलेश अकेला, जहानाबाद जिला के कोच एवं सेलेक्टर मनोज खाटेकर, वरिष्ठ खिलाड़ी राजेश कुमार, आलोक कुमार व अनिल कुमार, नेशनल खिलाड़ी अंकित कुमार तथा टूर्नामेंट के कन्वेनर मुकेश राय मौजूद रहे।
उद्घाटन मुकाबले में DIPL और Avengers 11 की टीमें आमने-सामने थीं। DIPL के कप्तान सार्थक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। DIPL के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Avengers 11 की पारी को 19.5 ओवर में 72 रन पर समेट दिया।

DIPL की ओर से पियूष कुमार सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में महज 12 रन देकर चार विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद टूर्नामेंट के को-पार्टनर रोहित पांडे ने पियूष कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी DIPL की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की और महज 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर 73 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। इस तरह DIPL ने टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में शानदार जीत के साथ अभियान की शुरुआत की।
आयोजकों के अनुसार, मौसम साफ होने के बाद टूर्नामेंट के बाकी मुकाबले 8 अक्टूबर से खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में आगे भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।





