सीतामढ़ी। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में तथा सीतामढ़ी जिला शतरंज संघ के आयोजन में पुनौरा धाम स्थित बालाजी बैंक्वेट में आयोजित बिहार राज्य अंडर-17 ओपन एवं बालिका फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप में पांचवें चक्र के मुकाबलों के बाद ओपन वर्ग में जयेश मिश्रा, प्रणीत सिन्हा और आर्यन साढ़े चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
पांचवें चक्र में खगड़िया के आर्यन और मधुबनी के अनुभव मिश्रा के बीच खेला गया मुकाबला मात्र 23 चालों में ड्रॉ समाप्त हुआ। दूसरे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा ने इंग्लिश ओपनिंग का शानदार प्रदर्शन करते हुए छपरा के अंबर श्रीवास्तव को 81 चालों तक चले लंबे मुकाबले में पराजित किया। वहीं तीसरे बोर्ड पर शीर्ष वरीयता प्राप्त जयेश मिश्रा ने छपरा के प्रेम कुमार को 43 चालों में मात देकर संयुक्त बढ़त हासिल की।

पांच दौर की समाप्ति के बाद जयेश मिश्रा, प्रणीत सिन्हा और आर्यन साढ़े चार-साढ़े चार अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। अनुभव मिश्रा, मानस, ईशान, पार्थवाह और तन्मय कश्यप चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
बालिका वर्ग में भोजपुर की अर्पिता ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए साढ़े चार अंकों के साथ एकल शीर्ष स्थान बनाए रखा है। पांचवें चक्र में उन्होंने पटना की शालिनी के साथ 27 चालों में मुकाबला ड्रॉ खेला।
दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय की इशिका ने किशनगंज की धान्वी कर्मकार को 56 चालों में हराया। रुई लोपेज ओपनिंग से शुरू हुए इस मुकाबले में इशिका ने अपने प्यादे को सफलतापूर्वक प्रमोट कर निर्णायक बढ़त बनाई और जीत दर्ज की। वहीं तीसरे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर की दिशा ने राज्य की अंडर-11 बालिका चैंपियन सान्वी सिंह को पराजित कर पूरे अंक हासिल किए।
पांचवें दौर के बाद बालिका वर्ग में अर्पिता साढ़े चार अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि शालिनी, दिशा और इशिका चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। प्रतियोगिता के शेष दौरों में खिताब की दौड़ और अधिक रोमांचक होने की संभावना है।



