पटना। बिहार में मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन द्वारा 11 और 12 जुलाई को राज्य स्तरीय ट्रायथलॉन एवं बैथलॉन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में बिहार के 24 जिलों के करीब 150 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
चैंपियनशिप की घोषणा सोमवार को पटना स्थित लगुन वाटर पार्क एंड रिजॉर्ट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की गई। इस दौरान आयोजन समिति के संयोजक प्रवीण पंकज और अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बिहार में मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगा।

बिहार मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग कुमार और सचिव कनक कुमार ने बताया कि राज्य के 24 जिलों से करीब 150 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का चयन निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया है, ताकि बेहतर प्रतिस्पर्धा देखने को मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से कई नए प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ (बिहार) के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’ ने कहा कि मॉडर्न पेंटाथलॉन ऐसा खेल है, जो खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक मजबूती की भी परीक्षा लेता है। उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जीत बलराज, प्रिंस कुमार, हर्ष सहित एसोसिएशन के कई पदाधिकारी, खेल प्रेमी और खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने प्रतियोगिता की सफलता की कामना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और इसे बिहार में मॉडर्न पेंटाथलॉन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।






