पटना। राजधानी के राजवंशी नगर स्थित ऊर्जा टर्फ की तीसरी वर्षगांठ बुधवार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। समारोह में बिहार सरकार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजकों के साथ केक काटकर वर्षगांठ समारोह का शुभारंभ किया तथा संस्था को सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूरे करने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि ऊर्जा टर्फ जैसे आधुनिक खेल परिसर राज्य के युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल अधोसंरचना ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की मजबूत नींव तैयार करती है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
समारोह के दौरान खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अतिथियों ने खेल मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न खेल आयोजनों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। इसके साथ ही सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में आकाशदीप, निशांत कुमार, निखिलेश रंजन और रूपक कुमार ने मुख्य अतिथि सुश्री श्रेयसी सिंह सहित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा टर्फ भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।





