पटना। भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ‘स्वर्णिम 12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत बुधवार को श्री कृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के साथ-साथ वरिष्ठ क्रिकेट आयोजक संतोष तिवारी को खेल जगत में उनके दीर्घकालीन और अतुलनीय योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव ‘राजू’ ने कहा कि संतोष तिवारी ने वर्षों से क्रिकेट और खिलाड़ियों के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना नई पीढ़ी के खिलाड़ियों और खेल आयोजकों को प्रेरित करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वर्णिम 12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी जनजागरूकता अभियान चला रहा है। इसी उद्देश्य से खेल मैदान में पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद संतोष तिवारी ने भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में किए गए कार्यों को इस प्रकार सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ की सह-संयोजिका कंचन कुमारी, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, आईटी सेल के संयोजक मोहित श्रीवास्तव, पटना महानगर संयोजक अजय कुमार मुन्ना, प्रवक्ता प्रशांत कुमार निराला सहित भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






