गया। राइजिंग स्टार क्रिकेट क्लब में नए क्रिकेट सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। इस अवसर पर क्लब परिसर में ड्रेस वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों को नए सत्र की आधिकारिक क्लब जर्सी प्रदान की गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाबोधि मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक रणवीत राज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद रेफाकत हुसैन खान, सचिव फहीम खान समेत अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को नई जर्सी पहनाकर आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ अभ्यास करने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

इस अवसर पर अध्यक्ष मोहम्मद रेफाकत हुसैन खान ने कहा कि राइजिंग स्टार क्रिकेट क्लब का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में क्लब में ऑटोमैटिक बॉलिंग मशीन, इंडोर प्रैक्टिस सेंटर तथा आधुनिक जिम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शुरू की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सके और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
क्लब के सचिव फहीम खान ने कहा कि संस्था खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सुविधाओं के जुड़ने से क्लब के खिलाड़ी भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे। समारोह के दौरान खिलाड़ियों में नए सत्र को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य, क्लब की निरंतर प्रगति और सफल क्रिकेट सत्र की शुभकामनाओं के साथ हुआ।





