पटना। बिहार राज्य सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से शीर्ष पदों पर महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की है। सर्वसम्मति से जयप्रकाश को संघ का मुख्य संरक्षक तथा राकेश मिश्रा को मेंटर (मार्गदर्शक) नियुक्त किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्वालियर में राष्ट्रीय चैंपियन बनी बिहार की सब-जूनियर टीम को भी सम्मानित किया गया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुजय सौरभ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि अनुभवी व्यक्तित्वों के जुड़ने से संगठन को नई दिशा मिलेगी और राज्य में सॉफ्टबॉल क्रिकेट के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इनके मार्गदर्शन में संघ जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करेगा। इस अवसर पर वैशाली जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के सचिव रवि रंजन भी मौजूद रहे और उन्होंने नई नियुक्तियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का दूसरा आकर्षण ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित तीसरी सब-जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 में खिताब जीतकर लौटी बिहार की विजेता टीम का सम्मान समारोह रहा। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ को संघ की ओर से मेडल, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुजय सौरभ ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
नवनियुक्त मुख्य संरक्षक जयप्रकाश और मेंटर राकेश मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में राज्य के सॉफ्टबॉल क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अधिक प्रतियोगिताएं उपलब्ध कराने के लिए संघ हरसंभव प्रयास करेगा।






