राजगीर (नालंदा)। बिहार क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। बीसीसीआई के घरेलू सत्र 2026-27 के तहत बिहार क्रिकेट संघ (BCA) को कुल आठ घरेलू मैचों की मेजबानी मिली है। इनमें सात मुकाबले नालंदा जिले के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। इन मैचों के दौरान क्रिकेट प्रशंसकों को आईपीएल और भारतीय घरेलू क्रिकेट के कई चर्चित खिलाड़ियों को पहली बार राजगीर में खेलते देखने का अवसर मिलेगा। संभावित खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी, उमरान मलिक, रिंकू सिंह, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, आकिब नबी और शाकिब हुसैन जैसे नाम शामिल हैं।
इन मुकाबलों को देखते हुए बीसीसीआई ने अपने चीफ क्यूरेटर आशीष भौमिक को राजगीर स्टेडियम की पिच और आउटफील्ड की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके आगमन पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के सचिव गोपाल कुमार सिंह ने बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। आशीष भौमिक की निगरानी में स्टेडियम की पिच और मैदान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इस कार्य में बिहार क्रिकेट संघ के चीफ क्यूरेटर देवी शंकर के साथ सहयोगी क्यूरेटर हिमांशु, मोनू और राजीव रंजन भी जुटे हुए हैं।

बिहार को मिले आठ घरेलू मैच
बीसीसीआई ने इस सीजन बिहार को कुल आठ घरेलू मुकाबलों की मेजबानी सौंपी है। इनमें तीन रणजी ट्रॉफी, तीन कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी और दो कूच बिहार ट्रॉफी के मैच शामिल हैं। इनमें से सात मुकाबलों का आयोजन राजगीर स्टेडियम में किया जाएगा।
रणजी ट्रॉफी (एलीट ग्रुप)
- 11 अक्टूबर 2026 : बिहार बनाम उत्तर प्रदेश
- 17 जनवरी 2027 : बिहार बनाम जम्मू-कश्मीर
- 24 जनवरी 2027 : बिहार बनाम विदर्भ
कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी (ग्रुप-सी)
- 19 अक्टूबर 2026 : बिहार बनाम गोवा
- 27 अक्टूबर 2026 : बिहार बनाम बड़ौदा
- 18 जनवरी 2027 : बिहार बनाम बंगाल
कूच बिहार ट्रॉफी (ग्रुप-डी)
- 11 दिसंबर 2026 : बिहार बनाम तमिलनाडु
- 26 दिसंबर 2026 : बिहार बनाम सौराष्ट्र
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने बिहार सरकार तथा बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन और सचिव जियाउल आरफीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजगीर को इतनी बड़ी मेजबानी मिलना पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है। संघ के पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल ने कहा कि राजगीर में राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के आयोजन से नालंदा जिले के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और जिले में क्रिकेट के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, टूर्नामेंट प्रभारी सिद्धार्थ आनंद, मीडिया प्रभारी संतोष पांडेय, डॉ. संजय, कोच हैदर अली, दीपक प्रसाद, परवेज मुस्तफा, विक्रम सोलंकी, मनीष राज, अंकित राज, शशिकांत सहित कई क्रिकेट पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।






