पटना। द्वितीय साउथ एशियन थ्रो बॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतने वाले अंतरराष्ट्रीय थ्रो बॉल खिलाड़ी राजा कुमार को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “पौधारोपण सह खिलाड़ी सम्मान” कार्यक्रम के दौरान फ्रेजर रोड स्थित यूथ हॉस्टल परिसर के समीप आयोजित किया गया।
भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव राजू ने राजा कुमार को सम्मानित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने राजा कुमार की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान प्राप्त करने वाले राजा कुमार ने द्वितीय साउथ एशियन थ्रो बॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वर्णिम 12 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सतीश श्रीवास्तव राजू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों के विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक राजेश कुमार यादव, कंचन कुमारी, राजीव रंजन यादव, कोषाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. अभिराम शर्मा, थ्रो बॉल खिलाड़ी निशांत कुमार झा सहित अनेक पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





