पटना। महाकाल क्लब के तत्वावधान में आयोजित चिलबिल्ली प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2026 के पहले सत्र का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। 24 टीमों की भागीदारी वाले इस टूर्नामेंट के फाइनल में धूपरचक ने धनधनाचक-11 को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर धूपरचक ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. बल्लेबाजी करते हुए धनधनाचक-11 की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट पर 96 रन बनाए। टीम की ओर से बॉबी ने 25, राजा कुमार ने 21 और निशांत कुमार ने नाबाद 21 रनों का योगदान दिया। धूपरचक की ओर से भोलू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए, जबकि आयुष कुमार को एक सफलता मिली। 97 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धूपरचक की टीम ने 6.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऋषि ने नाबाद 37 रन, मुन्ना ने 32 रन और भोलू ने 17 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को यादगार जीत दिलाई।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक श्याम रजक और डॉ. अमितेश कुमार उपस्थित रहे। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चिलबिल्ली पंचायत समिति के बंटी कुमार, जदयू नेता राजू रजक, नौलेश सिंह, रामजी राय तथा अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के खेल कौशल की सराहना करते हुए ग्रामीण स्तर पर ऐसे टूर्नामेंटों को प्रतिभाओं के लिए बेहतर मंच बताया।
आयोजक अक्षय कुमार और कमलेश कुमार ने बताया कि चिलबिल्ली प्रीमियर लीग के पहले सत्र को खिलाड़ियों और दर्शकों का शानदार सहयोग मिला तथा भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नंदन, आकाश और हिमांशु का सहयोग प्राप्त हुआ।





