ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित तीसरी सब जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश को डीएलएस (डकवर्थ-लुईस-सिस्टम) नियम के आधार पर हराकर बिहार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बिहार के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने उत्तर प्रदेश की टीम निर्धारित 10 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर केवल 66 रन ही बना सकी। उत्तर प्रदेश की ओर से अभी ने 24 गेंदों पर 22 रन बनाए। बिहार के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नीरज ने 3 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि अमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 8 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

67 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और 6.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 46 रन बना लिए थे। इसी दौरान बारिश ने मुकाबले में खलल डाल दिया, जिसके कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। इसके बाद मैच अधिकारियों ने डीएलएस नियम लागू किया, जिसमें बिहार की टीम आगे होने के कारण उसे विजेता घोषित कर दिया गया। बिहार की इस ऐतिहासिक जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से अमन ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
राष्ट्रीय चैंपियन बनने के साथ ही बिहार की युवा टीम ने सॉफ्टबॉल क्रिकेट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से राज्य के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है और उम्मीद जताई जा रही है कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करेंगे।






